हरिद्वार में अर्धकुंभ का नया फुटपाथ, अतिक्रमण का ठिकाना... लोगों के लिए खतरा
हरिद्वार में अर्धकुंभ के तहत बन रहे फुटपाथों में अतिक्रमण और अवरोधों के कारण राहगीरों को सुरक्षित रास्ता नहीं मिल पा रहा है। करोड़ों के बजट के बावजूद निर्माण कार्य में दूरदर्शिता और जरूरतों का अभाव साफ दिख रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
शैलेंद्र गोदियाल, हरिद्वार। शहर की सड़कों पर पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता देने की कवायद चल रही है, लेकिन धरातल पर फुटपाथ की तस्वीर सरकारी दावों से बिल्कुल जुदा नजर आ रही है। कुछ स्थानों पर फुटपाथ के नाम पर दो से पांच मीटर क्षेत्र में टाइल्स बिछाकर खानापूर्ति की जा रही है तो कहीं वर्षों से पसरे अतिक्रमण के सामने निर्माण की योजना ही दम तोड़ती दिख रही है।
मसलन, जहां लोगों को सबसे अधिक सुरक्षित पैदल रास्ते की जरूरत है, वहां फुटपाथ या तो नदारद हैं या फिर अवरोधों से घिरे हुए हैं। बिजली के ट्रांसफार्मर और बिजली के कनेक्शन बाक्स भी पैदल चलने वालों की राह में बाधा बने हैं।
विडंबना यह है कि जिस योजना का उद्देश्य यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों को सुरक्षित आवाजाही उपलब्ध कराना है, उसी में उनकी जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
अर्धकुंभ के तहत हरिद्वार में 21.64 करोड़ की धनराशि से शहर की सड़क का डामरीकरण एवं फुटपाथ के निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। मेला प्रशासन का तर्क है कि विभिन्न स्नान पर्वों पर यात्रियों व स्थानीय नागरिकों की सुगमता के लिए सुरक्षित फुटपाथ जरूरी हैं। बेशक, किसी भी व्यवस्थित शहर के लिए फुटपाथ मूलभूत सुविधाओं में शामिल हैं, किंतु अच्छी सोच को धरातल पर उतारने के लिए बेहतर योजना और दूरदर्शिता भी उतनी ही जरूरी है।
मंगलवार को फुटपाथ निर्माण के सरकारी दावे और हकीकत के बीच की दूरी परखने के लिए दैनिक जागरण की टीम ने ऋषिकुल से बस अड्डा, वाल्मीकि चौक, हिल बाईपास और चंद्राचार्य चौक होते हुए दोबारा ऋषिकुल तक करीब आठ किलोमीटर की पड़ताल की। इस दौरान जो सामने आया वह दंग करने वाली स्थिति थी। शहर में सुरक्षित फुटपाथ की व्यवस्था 2 प्रतिशत भी नजर नहीं आई। शहर में सुरक्षित फुटपाथ बनाने के लिए अतिक्रमण को हटाने की जहमत तक नहीं उठाई गई।
अतिक्रमण बरकरार, अवरोधों के बीच फुटपाथ
ऋषिकुल कालेज की ओर वाली लेन में टाइल्स बिछाने का काम चल रहा है, यहां कुछ मीटर तक पैदल चलने की सुरक्षित जगह नजर आती है। जबकि गैस एजेंसी वाली लेन में फुटपाथ का निर्माण पूरी तरह से खानापूर्ति है। ऋषिकुल और चंद्राचार्य चौक के बीच दोनों ओर भी कमोबेश यही स्थिति है। फुटपाथ निर्माण से पहले बाधाओं को हटाने की योजना भी नहीं बनाई गई।
हिल बाइपास पर जलभराव का खतरा
हरिद्वार : राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे हिल बाईपास पर कुछ हिस्सों में फुटपाथ दिखाई तो देता है, लेकिन उसकी उपयोगिता और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल हैं। फुटपाथ के निर्माण से जलनिकासी का रास्ता बाधित होने की आशंका है। इसके अलावा यहां भी फुटपाथ पर कदम-कदम पर अवरोध हैं।ब निर्माण के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगों की जरूरतों को प्राथमिकता नहीं दी गई।
चंद्राचार्य चौक पर न पार्किंग, न सुरक्षित पैदल रास्ता
हरिद्वार : चंद्राचार्य चौक क्षेत्र में सुरक्षित फुटपाथ के साथ बेहतर नागरिक सुविधाओं की भी दरकार है, किंतु यहां भी समग्र योजना का अभाव नजर आता है। नालों के स्लैब तक दुरुस्त नहीं किए गए हैं। कई स्थानों पर टूटे और असमान स्लैब राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से वाहन सड़क किनारे खड़े किए जा रहे हैं।
अर्धकुंभ में करोड़ का बजट ठिकाने लगाने के नाम पर जो स्थिति अभी हरिद्वार की की जा रही है, अगर कोई ईमानदार अधिकारी होगा तो निरीक्षण कर यथा स्थिति देखकर दंग रहेगा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेगा।
- अमन शर्मा महामंत्री शहर व्यापार मंडल हरिद्वारफुटपाथ के नाम पर हरिद्वार के लोगों को सुरक्षित आवाजाही का भरोसा दिया जा रहा है, बिन प्लानिंग के निर्माण हो रहे हैं। जो निर्माण शहर के लिए किए जाने चाहिए सिर्फ वे कार्य नहीं किए जा रहे हैं।
-राजीव पराशर, अध्यक्ष शहर व्यापार मंडलनालियों की निकासी दुरुस्त नहीं हुई और पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई तो आधा-अधूरे फुटपाथ बनने के बाद स्थिति और अधिक बिगड़ गई है। इससे जलभराव और नालियां बंद होने की समस्या और भी बढ़ जाएंगी। कोई सुनने वाला नहीं है।
-प्रह्लाद शर्मा, स्थानीय निवासी रानीपुर मोडकरोड़ों की लागत से तैयार होने वाले फुटपाथ पैदल चलने वालों की राह आसान करने के बजाय शहर की समस्याओं में एक और इजाफा करने वाले हैं। यह सरकारी धन का दुरुपयोग है
-राम अरोड़ा, वरिष्ठ व्यापारी नेता
यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ में ट्रेन से आने वाले श्रद्धालु अब नहीं होंगे परेशान, 4500 वर्गमीटर में बना यात्री सुविधा केंद्र
यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ में अर्द्धसैनिक बलों की 100 कंपनियां संभालेंगी मोर्चा, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।