अर्धकुंभ में ट्रेन से आने वाले श्रद्धालु अब नहीं होंगे परेशान, 4500 वर्गमीटर में बना यात्री सुविधा केंद्र
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अर्धकुंभ के लिए 4500 वर्गमीटर का अत्याधुनिक यात्री सुविधा केंद्र तैयार किया गया है। यह केंद्र भीड़ नियंत्रण, बेहतर सुविधाएं और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करेगा, जिसका उपयोग भविष्य में भी होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
मनीष कुमार, हरिद्वार। अर्धकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर 4500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अत्याधुनिक यात्री सुविधा केंद्र तैयार किया गया है। इसमें एक समय में 5625 यात्रियों के ठहरने की क्षमता होगी।
केंद्र को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यात्रियों को स्टेशन परिसर में अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना नहीं पड़े और भीड़ का दबाव भी नियंत्रित रहे।
बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था
यात्री सुविधा केंद्र में यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करायी गयी हैं। टिकट लेने के लिए करीब दो दर्जन आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर बनाए गए हैं।
आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) लगाने का कार्य भी चल रहा है। इससे टिकट खिड़कियों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने में मदद मिलेगी। केंद्र से प्लेटफार्म एक से चार तक पहुंचने के लिए फुटओवर ब्रिज की व्यवस्था की गयी है।
वहीं प्लेटफार्म संख्या दो और तीन तक जाने के लिए अंडरपास का निर्माण कराया गया है। इससे यात्रियों की आवाजाही के लिए अलग-अलग रास्ते उपलब्ध होंगे और प्लेटफार्म पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के प्रवेश मार्ग भी अलग-अलग होंगे।
सर्कुलेटिंग एरिया का भी हो रहा सौंदर्यीकरण
हरिद्वार: रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को भी आकर्षक और व्यवस्थित बनाया जा रहा है। इसके तहत वाल पेंटिंग, ग्रीनरी और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को ट्रेनों के आवागमन और अन्य जरूरी सूचनाएं समय पर मिल सकें, इसके लिए अनाउंसमेंट सिस्टम को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
अतिरिक्त प्लेटफार्म का कराया गया है निर्माण
हरिद्वार:अर्धकुंभ के दौरान ट्रेनों के संचालन और यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए मेला प्लेटफार्म क्षेत्र में अतिरिक्त प्लेटफार्म का निर्माण भी कराया गया है। इस प्लेटफार्म से अर्धकुंभ के दौरान ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
अर्धकुंभ के बाद भी उपयोग में आएगा केंद्र
हरिद्वार: यात्री सुविधा केंद्र का उपयोग केवल अर्धकुंभ तक सीमित नहीं रहेगा। यह स्थायी ढांचा है, जिसका इस्तेमाल अर्धकुंभ के बाद भी किया जा सकेगा। धर्मनगरी में कांवड़ मेले के साथ ही स्नान पर्वों पर अच्छी खासी भीड़ उमड़ती है।
अर्धकुंभ के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन पर निर्माण और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। परिसर में यात्री सुविधा केंद्र (होल्डिंग एरिया) कमोबेश तैयार है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है। - महेश यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे मुरादाबाद
यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ में अर्द्धसैनिक बलों की 100 कंपनियां संभालेंगी मोर्चा, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी
यह भी पढ़ें- हरिद्वार अर्धकुंभ में न लगे जाम, बना धांसू प्लान... तीनों दिशाओं पर यातायात थानों का इंतजाम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।