अर्धकुंभ में अर्द्धसैनिक बलों की 100 कंपनियां संभालेंगी मोर्चा, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हरिद्वार अर्धकुंभ की सुरक्षा के लिए 100 अर्द्धसैनिक बल कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दे दी है।

HighLights
गृह मंत्रालय ने 100 अर्द्धसैनिक कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी
जनवरी तक 50 कंपनियां उपलब्ध होंगी, शेष चरणबद्ध मिलेंगी
प्रमुख स्नान पर्वों पर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण होगा मजबूत
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्धकुंभ में करोड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की 100 कंपनियां तैनात की जाएंगी। इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है।
खास बात यह है कि जनवरी तक अर्द्धसैनिक बलों की 50 कंपनियां उपलब्ध हो जाएंगी, जबकि शेष कंपनियां चरणबद्ध तरीके से मिलेंगी। स्थानीय पुलिस और पीएसी के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती से मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को व्यापक मजबूती मिलेगी।
अर्धकुंभ के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की संख्या करोड़ों में पहुंचने का अनुमान है। खासकर प्रमुख स्नान पर्वों पर हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर भारी भीड़ उमड़ती है। इसके अलावा मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों पर भी श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ता है।
100 कंपनियों की मंजूरी
ऐसे में इतने बड़े आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था संभालना पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए उत्तराखंड सरकार की ओर से केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया था।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर 100 कंपनियों की मंजूरी दे दी है। अब इनकी उपलब्धता चरणबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही है। जनवरी तक 50 कंपनियां मिलने से अर्धकुंभ की तैयारियों के शुरुआती और महत्वपूर्ण चरण में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शेष कंपनियों की उपलब्धता भी निर्धारित योजना के अनुसार कराई जाएगी।
प्रमुख स्नान पर्वों पर बढ़ेगी सुरक्षा की चुनौती
अर्धकुंभ में सबसे बड़ी चुनौती प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को व्यवस्थित तरीके से गंगा घाटों तक पहुंचाने और स्नान के बाद सुरक्षित बाहर निकालने की होगी। हरकी पैड़ी समेत अन्य प्रमुख घाटों पर भीड़ का दबाव नियंत्रित करने के लिए पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त तैनाती की जाएगी।
इसके साथ ही मेला क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और प्रवेश मार्गों पर भी सुरक्षा बल मुस्तैद रहेंगे। इन कंपनियों को जरूरत और संवेदनशीलता के हिसाब से अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया जा सकेगा। इससे भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने में भी मदद मिलेगी। पुलिस, पीएसी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था संचालित करने की योजना है।
राज्य सरकार वहन करेगी तैनाती का खर्च
अर्धकुंभ के लिए केंद्र से अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियां उपलब्ध कराने की मांग के साथ इनके भुगतान की व्यवस्था भी की गई है। अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
अर्धकुंभ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र से अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बलों की मांग की गई थी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 100 कंपनियां उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जनवरी तक इनमें से 50 कंपनियां मिल जाएंगी। शेष कंपनियां भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध होंगी। अर्धकुंभ में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए इन कंपनियों की तैनाती महत्वपूर्ण रहेगी। - डा. योगेंद्र सिंह रावत, मेला आइजी हरिद्वार
यह भी पढ़ें- हरिद्वार अर्धकुंभ में न लगे जाम, बना धांसू प्लान... तीनों दिशाओं पर यातायात थानों का इंतजाम
यह भी पढ़ें- तो क्या हरिद्वार अर्धकुंभ में जाम में फंसेंगे श्रद्धालु? पार्किंग टेंडर में बार-बार आ रही परेशानी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।