विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली के बाद हरिद्वार की हवा हुई जहरीली, एक्यूआई और पीएम-10 में भारी उछाल

Published: Mon, 09 Nov 2026 03:07 PM (IST)

दीपावली पर पटाखों के कारण हरिद्वार की वायु गुणवत्ता में भारी गिरावट आई है। एक्यूआई 53 अंक बढ़कर 168 पर पहुंच गया, जबकि पीएम-10 का स्तर लगभग दोगुना हो गया।

फाइल फोटो

फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। दीपावली पर आतिशबाजी के शोर के बीच पटाखों के धुएं ने हरिद्वार की आबोहवा में भी जहर घोल दिया। सात दिन से लगातार बढ़ रहा वायु प्रदूषण दीपावली की रात अचानक उछाल पर पहुंच गया। संतोषजनक श्रेणी में चल रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) एक ही दिन में 53 अंक बढ़कर 168 पर पहुंच गया।

पटाखों की आतिशबाजी का असर पीएम-10 के आंकड़ों में भी साफ दिखाई दिया। इसका स्तर एक दिन में लगभग दोगुना हो गया। हालांकि, पिछले साल दीपावली पर एक्यूआई 190 तक पहुंचा था, जो इस बार के मुकाबले 22 अंक अधिक था।

ऋषिकुल आयुर्वेदिक कालेज के निकट देवपुरा स्थित वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र के आंकड़ों के अनुसार एक नवंबर को हरिद्वार का एक्यूआइ 90 था। इसके बाद इसमें लगातार बढ़ोतरी हुई। दो नवंबर को 93, तीन नवंबर को 95, चार नवंबर को 96 और पांच नवंबर को 97 दर्ज किया गया।

दीपावली से दो दिन पहले छह नवंबर को यह 110 और सात नवंबर को 115 पहुंच गया। आठ नवंबर को दीपावली के दिन एक्यूआई ने 168 का आंकड़ा छू लिया। सबसे चिंताजनक स्थिति पीएम-10 के स्तर में देखने को मिली।

सात नवंबर को इसका स्तर 105.23 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो दीपावली के दिन बढ़कर 201.54 हो गया। यानी एक दिन में ही इसमें लगभग 92 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पीएम-2.5 भी 64.56 से बढ़कर 75.46 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया।

सल्फर डाइआक्साइड और नाइट्रोजन आक्साइड के स्तर में भी वृद्धि दर्ज की गई। चिकित्सकों के अनुसार वायु गुणवत्ता की मध्यम श्रेणी में भी फेफड़ों और हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

यह भी पढ़ें- घरवालों से छिपकर हरिद्वार जा रहे थे हरियाणा के 6 दोस्त, हाईवे पर पलटने के बाद आग का गोला बनी कार; सभी की जलकर मौत

यह भी पढ़ें- हरिद्वार जा रहे 6 युवकों की दर्दनाक मौत, मुजफ्फरनगर में डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बनी कार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।