विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घरवालों से छिपकर हरिद्वार जा रहे थे हरियाणा के 6 दोस्त, हाईवे पर पलटने के बाद आग का गोला बनी कार; सभी की जलकर मौत

Published: Mon, 09 Nov 2026 02:32 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई।

हरियाणा के छह दोस्तों की मौत (मृतकों की फाइल फोटो)

हरियाणा के छह दोस्तों की मौत (मृतकों की फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बनी

  2. हादसे में हरियाणा के हांसी के छह युवाओं की दर्दनाक मौत हुई

  3. सभी दोस्त हरिद्वार गंगा स्नान के लिए घर से निकले थे

जागरण संवाददाता, हांसी। पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के अंतर्गत तितावी थाना इलाके में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद गाड़ी में आग लग गई, जिसमें हरियाणा के छह युवाओं की जलकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गाड़ी में सीएनजी लगी थी। जैसे ही तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई तभी वाहन पलटकर सड़क से दूसरी तरफ चला गया। इसी दौरान कार में आग लग गई और कार सवारों की जलकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, सभी मृतक हरियाणा के हांसी के रहने वाले थे और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। किसी भी मृतक के परिवार को यह जानकारी नहीं थी कि ये हरिद्वार किस लिए निकले और कब इनका प्रोग्राम बना। ये सभी दोस्त थे और गांव में पटाखे बजाने के लिए घर से निकले हुए थे।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान

  • 20 वर्षीय साहिल
  • 21 वर्षीय अमन
  • 21 वर्षीय अजय
  • 21 वर्षीय अंकित पुत्र राजेश,
  • 21 वर्षीय अंकित पुत्र समुंदर
  • 23 वर्षीय राहुल।

समुंदर और राहुल सगे भाई 

साहिल पुत्र सोम कुमार ड्राइविंग करता था। मोठ लुहारी गांव निवासी अमन पुत्र रामफल और अजय पुत्र शमशेर पढ़ाई कर रहे थे। अंकित पुत्र राजेश भी विद्यार्थी था।

वहीं, अंकित पुत्र समुंदर राखीगढ़ी में एसी और फ्रिज की मरम्मत करता था, जबकि राहुल गैस वेल्डिंग मिस्त्री था। सभी आपस में दोस्त थे और सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे।

राखीगढ़ी में मृतकों के स्वजन ने बताया कि सभी युवक दीपावली की रात गांव में दोस्तों के साथ पटाखे चला रहे थे। रात को वे गांव में ही दिखाई दिए थे। इसके बाद वे हरिद्वार के लिए कब और किस समय रवाना हुए, इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को नहीं है। सुबह हादसे की सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार जा रहे 6 युवकों की दर्दनाक मौत, मुजफ्फरनगर में डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बनी कार

यह भी पढ़ें- दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, कुशीनगर हादसे में दो युवकों की गई जान

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।