हरिद्वार के खानपुर से विधायक उमेश कुमार के डीपफेक वीडियो मामले में लक्सर में मुकदमा दर्ज
खानपुर विधायक उमेश कुमार और एक महिला से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने के मामले में लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। खानपुर विधायक उमेश कुमार और एक महिला का बताकर प्रसारित किए जा रहे आपत्तिजनक वीडियो को लेकर लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विधायक के निजी सहायक कुशाग्र जोशी निवासी देहरादून ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि पूर्व में हुई फोरेंसिक जांच में वीडियो एडिटेड और डीप फेक पाया जा चुका है।
अब इस वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट से प्रसारित कर विधायक की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, साथ ही महिला की प्रतिष्ठा और निजता भी इससे प्रभावित हो रही है।
शिकायत में कहा गया है कि विधान पाल, आवाज अड्डा और गुर्जर सेना सहारनपुर नामक अकाउंट से विधायक और एक महिला से संबंधित विवादित वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं।
आरोप है कि वीडियो को एडिट कर वास्तविक घटनाक्रम के रूप में पेश किया जा रहा है। इससे विधायक की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचने के साथ ही संबंधित महिला की प्रतिष्ठा और निजता भी प्रभावित हो रही है।
साल 2023 में कोतवाली सिविल लाइंस रुड़की में दर्ज मुकदमे की विवेचना का हवाला देते हुए कुशाग्र जोशी ने बताया कि केंद्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला चंडीगढ़ की 10 अप्रैल 2024 की रिपोर्ट में संबंधित वीडियो को एडिटेड होने का उल्लेख है।
वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट के 14 दिसंबर 2023 के आदेश का हवाला देते हुए वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारण पर रोक लगाए जाने की बात भी कही गई है। लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।