देहरादून कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने लाठियों से खदेड़ा, बहादराबाद टोल प्लाजा पर तीखी नोंकझोंक; कई घायल
देहरादून जा रहे किसानों को बहादराबाद टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोका जिसके चलते झड़प हुई। किसान स्मार्ट मीटर और बिजली की समस्या पर विरोध कर रहे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया जिसमें कई किसान घायल हो गए। आक्रोशित किसान अभी भी धरने पर बैठे हैं जिससे तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। भाकियू टिकैत के नेतृत्व में प्रदर्शन जारी है।

संवाद सूत्र जागरण बहादराबाद। स्मार्ट मीटर को लेकर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले देहरादून कूच कर रहे किसानों को बहादराबाद टोल प्लाजा पर रोकने को लेकर किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुयी। पुलिस अधिकारियों के समझाने बुझाने पर भी किसान जाने की जिद पर अड़े रहे और हाईवे पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
#स्मार्ट_मीटर को लेकर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले #देहरादून_कूच कर रहे किसानों को बहादराबाद टोल प्लाजा पर रोका, किसान व पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोंकझोंक। किसानों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठियों से खदेड़ा, दो दर्जन किसानों के घायल।@JagranNews @pushkardhami pic.twitter.com/9M9wSvofBF
— Shailendra Prasad (शैलेंद्र गोदियाल) (@shailly_godiyal) August 21, 2025
अक्रोशित किसानों ने ट्रैक्टर ट्राली से पुलिस की ओर से लगायी बैरिकेड्स तोड़ने का भी प्रयास किया। किसानों को हटाने के लिए पुलिस ने उन्हें लाठियों से खदेड़ दिया। करीब दो दर्जन किसानों के घायल होने की खबर है। कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आयी है। इधर आक्रोशित किसान मौके पर ही धरने पर डटे हैं। तनाव को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस भी तैनात है।
स्मार्ट मीटर और बिजली समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले बड़ी संख्या में रुड़की आसपास के किसान टैक्टर ट्राली से देहरादून कूच रहे थे। जैसे ही दोपहर करीब 12 बजे काफिला बहादराबाद टोल प्लाजा पर पहुंचा। पुलिस प्रशासन ने पहले ही बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक रखा था। पुलिस अधिकारियों ने किसानों को शांतिपूर्वक वापास लौटने की अपील की लेकिन किसान पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
किसानों ने हाईवे पर ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों की पुलिस के साथ नोंकझोंक और धक्का मुक्की हो गयी। बताया जा रहा है कि आक्रोशित किसानों ने बैरिकेड्स तोड़ पुलिस पर ट्रैक्टर ट्राली चढ़ाने का प्रयास भी किया। जिस पर पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत कार्यकर्ताओं का कहना है कि देहरादून अपनी मांगों को लेकर जा रहे थे। किसानों पर पुलिस की ओर से लाठीचार्ज करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है किसानों पर पड़ी हर एक लाठी का जवाब लिया जाएगा।
यूनियन के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने कहा कि प्रशासन को किसान पर बरसाईं लाठी का हिसाब देना पड़ेगा। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि इसके विरोध में टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। जल्द ही अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी भी धरना स्थल पर आएंगे। मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी शिवम चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष रामपाल चौधरी, प्रदेश महासचिव रवि चौधरी, प्रदेश सचिव हरेंद्र चौधरी, सुकरम पाल चौधरी, प्रदीप कुमार, सुभा सिंह आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।