Haridwar Crime: बड़े भाई को छत से दिया धक्का, हालत गंभीर; मुकदमा दर्ज
हरिद्वार के रानीपुर में एक छोटे भाई ने पारिवारिक विवाद में अपने बड़े भाई को छत से धक्का दे दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल का इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पारिवारिक तनाव के कारण यह घटना हुई।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। रानीपुर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को दो मंजिला इमारत की छत से नीचे धक्का दे दिया। अस्पताल में भर्ती घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पिता की ओर से आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गयास है।
पुलिस के मुताबिक, प्रीतम कुमार निवासी मोहल्ला चाकलान ज्वालापुर ने पुलिस को बताया कि उनके दो बेटे प्रवीण सैनी और अरविंद कुमार सैनी है। दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक तनाव चल रहा था। आरोप है कि अरविंद अक्सर प्रवीण को जान से मारने की धमकी देता था। छह सितंबर को प्रवीण अपने कार्यालय शिवगंगा विहार कॉलोनी में सुबह 10 बजे पहुंचा था।
करीब 11:30 बजे उसका छोटा भाई अरविंद भी वहीं पहुंच गया। छत पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे देखने के लिए प्रवीण ऊपर गया, तभी पीछे-पीछे अरविंद भी पहुंचा। प्रीतम कुमार का आरोप है कि छत पर दोनों के बीच कहासुनी और फिर हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान अरविंद ने प्रवीण को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सीधे नीचे गिर गया।
मौके पर मौजूद श्रमिक शिवकुमार और कार्यालयकर्मी योगेश कुमार ने उसे भूमानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने प्रवीण की रीढ़ की हड्डी और दोनों पैरों की एड़ियों की हड्डियां टूटने की पुष्टि की है। मुजफ्फरनगर में उसका इलाज चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार ने बताया कि आरोपित अरविंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।