पतंजलि का ‘धरती का डॉक्टर’ बताएगा मिट्टी की सेहत, यूपी-बिहार में नौ लैब बनीं... 40 मिनट में होगी 12 जांच
एचयूआरएल ने पतंजलि समूह की 'धरती का डॉक्टर' मशीन अपनाई है, जिससे किसानों को मिट्टी की डिजिटल जांच के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने में मदद मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। खेत में कौन-सा पोषक तत्व कम है और किस उर्वरक की कितनी जरूरत है, अब इसका जवाब अनुमान से नहीं, मशीन की जांच से मिलेगा।
किसानों को मिट्टी की वास्तविक जरूरत के आधार पर उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल की सुविधा देने के लिए हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) ने पतंजलि समूह की भरुआ एग्री साइंस की स्वचालित मृदा परीक्षण मशीन ‘धरती का डॉक्टर’ को अपनाया है।
एचयूआरएल ने उत्तर प्रदेश और बिहार में नौ मशीनें स्थापित कर मृदा परीक्षण लैब शुरू की हैं। यहां किसान अपने खेत की मिट्टी की निशुल्क जांच करा सकेंगे।
मिट्टी की निशुल्क जांच
एचयूआरएल के प्रबंध निदेशक एसपी मोहंती की पहल पर स्थापित इन केंद्रों में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों के साथ मेरठ और बिहार के बक्सर सहित अन्य क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
इसका उद्देश्य किसानों को मिट्टी की सेहत के अनुरूप उर्वरक इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना और खेती की लागत को नियंत्रित करने में मदद करना है। ‘धरती का डॉक्टर’ मशीन मिट्टी की 12 प्रमुख मानकों पर जांच करती है।
इनमें पीएच, विद्युत चालकता (ईसी), जैविक कार्बन, नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटैशियम, सल्फर, जिंक, आयरन, कॉपर, मैंगनीज और बोरॉन शामिल हैं। जांच से मिट्टी में प्रमुख एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों की स्थिति का पता चलता है। इसके आधार पर किसान फसल की जरूरत के अनुसार उर्वरकों का चयन और मात्रा तय कर सकते हैं।
मसलन, यदि खेत की मिट्टी में फास्फोरस पर्याप्त है तो अनावश्यक फास्फेट उर्वरक डालने से बचा जा सकता है। वहीं जिंक, सल्फर या अन्य पोषक तत्व की कमी सामने आने पर उसकी पूर्ति के लिए उचित उपाय किए जा सकते हैं। इससे खाद पर होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करने के साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
40 मिनट में जांच, डिजिटल रिकार्ड भी
भरुआ एग्री साइंस के अनुसार, मशीन से मृदा परीक्षण में औसतन करीब 40 मिनट लगते हैं। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से नमूने की जानकारी और जियो-टैगिंग का रिकॉर्ड भी तैयार किया जा सकता है। इसके साथ उर्वरक कैलकुलेटर जैसी सुविधा मिट्टी की स्थिति और फसल की आवश्यकता के आधार पर उर्वरक प्रबंधन में मदद करती है।
आइसीएआर विशेषज्ञों ने किया परीक्षण
‘धरती का डॉक्टर’ मशीन का परीक्षण करनाल स्थित आइसीएआर-केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के विशेषज्ञों ने भी किया है।
कंपनी के अनुसार, परीक्षण के बाद मशीन को मिट्टी के 12 प्रमुख मानकों की जांच के लिए प्रमाणिकता मिली है। एचयूआरएल की यह पहल किसानों को ‘जितनी जरूरत, उतनी खाद’ के सिद्धांत की ओर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।