पतंजलि गाय घी के बैच में मिला पांच गुना ज्यादा सीसा, MP में बिक्री पर लगी रोक; देशभर से स्टॉक वापस मंगाने का निर्देश
पतंजलि गाय घी के एक बैच में सीसे की मात्रा निर्धारित सीमा से पांच गुना अधिक पाए जाने पर मध्य ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
पतंजलि गाय घी के नमूने में सीसे की मात्रा 5 गुना अधिक मिली।
मध्य प्रदेश में इस बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगी।
कंपनी को देशभर से 24 घंटे में स्टॉक वापस मंगाने का आदेश।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने पतंजलि गाय घी के एक बैच को स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाते हुए कार्रवाई की है। प्रयोगशाला की जांच में इस घी के 200 एमएल पैक वाले एफएडब्ल्यूबी-260017 बैच के नमूने में सीसे की मात्रा निर्धारित सीमा से पांच गुना अधिक पाई गई है। सीसे की मात्रा अधिकतम 0.02 मिलीग्राम प्रति किलो होनी चाहिए, लेकिन नमूने में 0.10 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम पाई गई।
छिंदवाड़ा से लिया था नमूना
जांच के लिए नमूना गत 10 अगस्त को छिंदवाड़ा जिले के तामिया (देलाखारी) स्थित अनिल किराना से लिया गया था। नौ अक्टूबर को भोपाल स्थित केली प्राइवेट लिमिटेड प्रयोगशाला की रिपोर्ट में इसे असुरक्षित पाया गया। मध्य प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक मनोज पुष्प ने बताया कि अब प्रदेश में इस बैच के पतंजलि गाय घी की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
24 घंटे में स्टॉक वापस मंगाने का आदेश
इसके साथ ही निर्माता पतंजलि फूड लिमिटेड को देश भर के बाजार, डिस्ट्रीब्यूटर और रिटेलरों से इस बैच का पूरा स्टॉक 24 घंटे में वापस (रिकाल) मंगाने का आदेश जारी किया है। वापस मंगाए गए स्टाक पर स्पष्ट रूप से फूड रिकॉल-नॉट फॉर सेल अंकित करने के साथ ही उसे नष्ट करने का बैचवार हिसाब भी मांगा है।
चूंकि इस घी का निर्माण स्थल महाराष्ट्र में है, इसलिए मध्य प्रदेश खाद्य विभाग ने महाराष्ट्र फूड कमिश्नर को भी पूरे देश से किए जा रहे रिकॉल की निगरानी को लिखा है।
