यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Coronavirus Test Fraud: एसआइटी ने सीएमओ-मेलाधिकारी स्वास्थ्य से पूछे 40 सवाल, दस्तावेज भी खंगाले
Coronavirus Test Fraud कुंभ में कोरोना वायरस टेस्टिंग फर्जीवाड़े की जांच कर रही एसआइटी ने सीएमओ हरिद्वार और मेलाधिकारी स्वास्थ्य ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। Coronavirus Test Fraud कुंभ में कोरोना टेस्टिंग फर्जीवाड़े की जांच कर रही एसआइटी ने सीएमओ हरिद्वार और मेलाधिकारी स्वास्थ्य को एसओजी दफ्तर बुलाकर करीब तीन घंटे तक 40 से अधिक सवालों के जवाब लिए। दोनों को अलग-अलग बैठाकर सवाल पूछने के बाद आमने-सामने बैठाकर भी उन्हीं सवालों को दोहराया गया। इसके बाद एसआइटी ने मेला स्वास्थ्य विभाग के दफ्तर में पहुंचकर टेंडर प्रक्रिया संबंधित कागजातों को भी खंगाला और कुछ दस्तावेज कब्जे में ले लिए।
शुक्रवार को एसआइटी ने सीएमओ डा. शंभू कुमार झा और मेलाधिकारी स्वास्थ्य डा. अर्जुन सेंगर को एसओजी ऑफिस रानीपुर बुलाया। यहां पुलिस ने दोनों अधिकारियों से सवाल पूछे। मेलाधिकारी स्वास्थ्य से टेंडर प्रक्रिया की जानकारी लेने के बाद एसआइटी ने मेला स्वास्थ्य विभाग के दफ्तर में पहुंचकर टेंडर के कागजात भी देखें, जबकि सीएमओ हरिद्वार से पोर्टल और आइडी की जानकारी एसआइटी ने ली। दोनों अधिकारियों के बयान अपने रिकॉर्ड में एसआइटी ने दर्ज कर लिए हैं।
जल्द नतीजे पर पहुंचेगी जांच
पिछले कुछ दिनों से अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे थे। शुक्रवार को दोनों अधिकारियों को जिस तरह से एसओजी दफ्तर बुलाकर शाम तक सवाल जवाब किए गए हैं, उससे यह लग रहा है कि एसआइटी की जांच बहुत जल्द किसी नतीजे पर पहुंचने वाली है। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
टेस्टिंग से जुड़े अधिकारियों के दर्ज हो चुके हैं बयान
हरिद्वार शहर कोतवाली में मैक्स कारपोरेट सर्विसेज दिल्ली, नलवा लैब हिसार हरियाणा और लाल चंदानी लैब दिल्ली के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बाद दो सप्ताह से एसआइटी इस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपित फर्म व लैब के अलावा बिचौलियों से पूछताछ हो चुकी है। कुंभ में कोरोना टेस्टिंग से जुड़े सभी अधिकारियों के भी बयान दर्ज हो चुके हैं। जांच तेजी से आगे बढ़ाते हुए धारा 467 भी बढ़ा दी गई है।
