विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार में सीएम धामी ने संभाला भीड़ प्रबंधन, देखकर हैरान रह गए सभी

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:04 PM (IST)

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार में भीड़ प्रबंधन संभाला, जिससे सभी हैरान रह गए। 

News Article Hero Image

गौरव त्यागी, जागरण हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कई राजनीतिक हस्तियां और वीवीआईपी हरिद्वार पहुंचे। नमामि गंगे घाट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की टीमें भीड़ नियंत्रित करने में जुटी थीं।

इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अलग अंदाज देखने को मिला। श्रद्धांजलि देने पहुंचे धामी ने जब श्मशान घाट पर भीड़ का दबाव बढ़ते और व्यवस्थाएं प्रभावित होते देखा तो वे खुद व्यवस्था संभालने लगे।

सुरक्षा प्रोटोकाल की परवाह किए बिना उन्होंने लोगों से एक तरफ व्यवस्थित खड़े होने को कहा। कहीं भीड़ को पीछे हटाया तो कहीं लोगों को रास्ता देने के लिए समझाया। मुख्यमंत्री धामी को खुद व्यवस्था दुरुस्त करते देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

मौके पर बड़े-बड़े वीवीआईपी, सुरक्षा घेरा और प्रशासनिक अमला मौजूद था, लेकिन धामी लोगों को व्यवस्थित करते नजर आए। उनका यह अंदाज घाट पर चर्चा का विषय बना रहा। यह मौका केवल एक राजनीतिक शख्सियत की मां के अंतिम संस्कार का नहीं था, बल्कि उत्तराखंड की धरती से जुड़े दो मुख्यमंत्रियों के बीच पारिवारिक आत्मीयता का भी था।

मां को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हुए योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संन्यास के कठोर अनुशासन और दृढ़ संकल्प के लिए जाने जाते हैं। लेकिन मां सावित्री देवी की अंतिम विदाई के समय उनका भावुक रूप सामने आया। पैतृक गांव पंचूर में मां की अंतिम यात्रा के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

नाथ संप्रदाय में मां की अर्थी को कंधा देने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के विषय पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि योगी आदित्यनाथ भी एक बेटे हैं। शंकराचार्य ने भी अपनी मां को कंधा दिया था और उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे।

उन्होंने कहा कि मां तो मां होती है, वह साक्षात देवी और महादेवी है। उन्होंने मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने को अच्छी बात बताते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ विद्वान और सनातन के प्रहरी हैं। पूरा सनातन उनके साथ है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी की मां को श्रद्धांजलि देने हरिद्वार में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री धामी सहित यूपी-उत्तराखंड के ये VIP रहे मौजूद

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में संपन्न हुआ सीएम योगी की मां का अंतिम संस्कार, देखें पूरे कार्यक्रम की प्रमुख तस्वीरें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।