अडानी पावर ने हरिद्वार की बीएचईएल को दिए चार बड़े Power projects ऑर्डर, मिलेगी 6400 मेगावाट बिजली
बीएचईएल को अडानी पावर से 6,400 मेगावाट की चार नई ताप विद्युत परियोजनाओं के लिए बड़े घरेलू अनुबंध मिले हैं।

अडानी पावर लिमिटेड।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता हरिद्वार। देश की ऊर्जा जरूरतों को नई ताकत देने के साथ ही हरिद्वार स्थित भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के लिए भी बड़ी उपलब्धि सामने आई है।
अडानी पावर लिमिटेड ने देश में चार नई ताप विद्युत परियोजनाओं की स्थापना के लिए बीएचईएल को बड़े घरेलू अनुबंध दिए हैं। कुल 6,400 मेगावाट क्षमता की इन परियोजनाओं के ऑर्डर से बीएचईएल की तकनीकी क्षमता और ऊर्जा क्षेत्र में उसकी मजबूत स्थिति को एक बार फिर मजबूती मिली है।
प्रत्येक परियोजना की उत्पादन क्षमता 2,000 मेगावाट
अनुबंध के तहत बीएचईएल चारों परियोजनाओं के लिए बसयलर, टर्बाइन, जनरेटर समेत अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की आपूर्ति करेगा। साथ ही निर्धारित तकनीकी सेवाएं भी उपलब्ध कराएगा। प्रत्येक परियोजना की उत्पादन क्षमता 2,000 मेगावाट (2x800 मेगावाट) होगी। इन परियोजनाओं का क्रियान्वयन अडानी पावर की आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाएगा।
बीएचईएल देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी विद्युत उत्पादन उपकरणों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंपनी अब तक दुनिया भर में 214 गीगावाट से अधिक क्षमता के विद्युत उत्पादन उपकरण स्थापित कर चुकी है।
वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक देश की उपयोगिता स्तर की ताप विद्युत क्षमता में बीएचईएल की हिस्सेदारी 54 प्रतिशत, परमाणु ऊर्जा के द्वितीयक पक्ष में 60 प्रतिशत और जल विद्युत क्षेत्र में 43 प्रतिशत रही। वहीं, देश की कुल पारंपरिक विद्युत उत्पादन क्षमता में कंपनी का योगदान 53 प्रतिशत है।
बीएचईएल के अनुसार, अडानी पावर से मिले ये ऑर्डर कंपनी के तकनीकी नेतृत्व और कार्य निष्पादन क्षमता पर भरोसे को दर्शाते हैं। इससे देश की ऊर्जा सुरक्षा और विद्युत क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- अडानी पावर प्रोजेक्ट के लिए भूमि अधिग्रहण तेज, अधिकारियों की टीम ने किया जमीनों का निरीक्षण