विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आतंकी खतरे से लेकर साइबर हमलों तक, अर्द्धकुंभ में सुरक्षा का अभेद्य चक्रव्यूह

Published: Wed, 18 Nov 2026 01:20 PM (IST)

हरिद्वार में अर्द्धकुंभ मेले की सुरक्षा के लिए पुलिस ने व्यापक रणनीति तैयार की है, जिसमें आतंकी खतरों, साइबर हमलों और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी प्रशासन ने की अर्द्धकुंभ की तैयारियों की समीक्षा. Jagran

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर और एडीजी प्रशासन ने की अर्द्धकुंभ की तैयारियों की समीक्षा. Jagran

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेला को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। मेले में आतंकी खतरे, संगठित अपराध, साइबर हमले और लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के प्रबंधन को लेकर बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति तैयार की जा रही है।

निगरानी के लिए आईसीसीसी यानि (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर), सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली विकसित की जाएगी। वहीं, प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अलग-अलग कार्ययोजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में डीजीपी दीपम सेठ के निर्देशन में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डा. वी. मुरुगेशन और एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें अर्द्धकुंभ की सुरक्षा और व्यवस्थागत तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

मेला एसएसपी आयुष अग्रवाल और हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अब तक की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। मेला आईजी योगेंद्र सिंह रावत और मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे।

बैठक में संभावित आतंकी गतिविधियों और अन्य सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए एटीएस, एसटीएफ, बीडीएस और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका की समीक्षा की गई। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और फर्जी संदेशों की निगरानी के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक मार्गों और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था पर मंथन हुआ। बॉटलनेक प्वाइंट चिह्नित कर वहां भीड़ का दबाव कम करने की योजना बनाने को कहा गया।

पार्किंग स्थलों के चयन, हाईवे पर यातायात संचालन और अत्यधिक भीड़ की स्थिति में वैकल्पिक यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी की तैनाती, ट्रेनों के नियमन, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई।

पुलिस बल की तैनाती और संसाधनों का आंकलन

अर्द्धकुंभ में सीएपीएफ, होमगार्ड, घुड़सवार पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की जरूरत का आंकलन कर समय से उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के लिए आवास, भोजन, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था के साथ उनके प्रशिक्षण की कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।

निर्माणाधीन पुलिस थानों, चौकियों और पुलिस लाइनों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और वाहनों, संचार उपकरणों और अन्य संसाधनों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने किया मेला क्षेत्र का निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों में मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। एडीजी डा. वी. मुरुगेशन और एपी अंशुमान ने पुलिस लाइन ऋषिकुल का संयुक्त निरीक्षण किया। आईजी नीलेश आनंद भरणे ने थाने-चौकियों, प्रमुख घाटों, हरकी पैड़ी के अस्थायी पुलों और संकरे मार्गों का जायजा लिया।

आईजी विम्मी सचदेवा ने संचार उपकेंद्रों और फायर स्टेशनों का निरीक्षण किया। आईजी व निदेशक यातायात और जीआरपी कृष्ण कुमार वीके ने हाइवे पार्किंग, होल्डिंग एरिया और रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था देखी।

वहीं, आईजी मुख्यालय बरिंदरजीत सिंह ने निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। आइजी अनंत शंकर ताकवाले, आइजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, सुनील मीणा, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल, आईपीएस मणिकांत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। देहरादून, पौड़ी और टिहरी के एसएसपी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार अर्द्धकुंभ 2027: आपदा प्रबंधन की तैयारी, बनेगा खतरे का नक्शा

यह भी पढ़ें- हरिद्वार अर्द्धकुंभ मेला में परिंदा भी नहीं मार सकेगा पर, सुरक्षा में तैनात होंगे 30 हजार से अधिक जवान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।