हरिद्वार अर्धकुंभ से पहले दिल्ली-हरिद्वार हाइवे पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के हो रहे पुख्ता इंतजाम
दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर अर्धकुंभ से पहले पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें फुट ओवर ब्रिज और गार्ड रेलिंग का निर्माण शामिल है।
-1795969903069_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। अर्धकुंभ से पहले दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई कार्य कराए जा रहे हैं। नेशनल हाइवे इंफ्रा ट्रस्ट (एनएचआईटी) की परियोजना इकाई राष्ट्रीय राजमार्ग-334 के इस खंड पर काम करा रही है।
योजना में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के हिस्से शामिल हैं। इसके तहत फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही कई स्थानों पर गार्ड रेलिंग भी लगाई जाएगी। अर्धकुंभ के दौरान हाइवे पर यातायात का दबाव केवल श्रद्धालुओं के वाहनों तक सीमित नहीं रहेगा।
स्थानीय लोगों, व्यापारिक गतिविधियों, मालवाहक वाहनों और दूसरे शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों की आवाजाही भी जारी रहेगी। ऐसे में पैदल यात्रियों और वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी होगा। हाइवे पर सुरक्षा संबंधी संरचनाएं होने से लोगों को मनमाने तरीके से सड़क पार करने से रोकने में मदद मिलेगी।
गार्ड रेलिंग लगाने के लिए सात हिस्से तय किए गए हैं, जिनकी कुल लंबाई 5,820 मीटर है। ये फुट ओवर ब्रिज के पास और आबादी वाले क्षेत्रों में लगाई जाएंगी। गार्ड रेलिंग का उद्देश्य पैदल यात्रियों को अनधिकृत जगहों से हाइवे पार करने से रोकना और सुरक्षित रास्तों की ओर निर्देशित करना है।
तेज गति से चलने वाले वाहनों के बीच पैदल यात्रियों के अचानक आने से दुर्घटना की आशंका रहती है। गार्ड रेलिंग से यह जोखिम कम होगा। फुट ओवर ब्रिज पर चढ़ने और उतरने की सुविधा दोनों ओर से होगी।
इससे पैदल यात्रियों को हाइवे सड़क के बीच से पार नहीं करना पड़ेगा और स्थानीय लोगों सहित आसपास आवाजाही करने वालों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा। पैदल यात्रियों के कारण वाहनों को अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति भी कम होगी।
98.20 करोड़ की सड़क सुरक्षा परियोजना
इसी हाइवे खंड पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संचालन, रखरखाव और सड़क सुरक्षा सुधार परियोजना भी चल रही है। इसके लिए डीपीएस कांट्रैक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड को 98.20 करोड़ रुपये का ठेका दिया गया है।
इसका दायरा मुजफ्फरनगर से हरिद्वार तक है। हाइवे के संवेदनशील चौराहों पर सड़क सुरक्षा सुधार के लिए अलग परियोजना का ठेका हिमालयन कंस्ट्रक्शन को दिया गया है। इसके तहत विभिन्न निर्माण कार्य चल रहे हैं।
स्पीड डिस्प्ले उपकरणों से दिखेगी वाहन की गति
हाइवे पर कई जगह स्पीड डिस्प्ले उपकरण लगाए गए हैं, जिन पर वाहन चालकों को उनकी गति दिखाई देती है। इससे हाइवे पर वाहनों की गति को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। हादसों की संख्या में भी कमी आएगी।
यह भी पढ़ें- अर्द्धकुंभ में एआई कैमरे करेंगे भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा होगी सुनिश्चितः डॉ. योगेंद्र सिंह रावत
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी सभी विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।