विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्द्धकुंभ में एआई कैमरे करेंगे भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा होगी सुनिश्चितः डॉ. योगेंद्र सिंह रावत

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:56 PM (IST)

अर्द्धकुंभ में गंगा घाटों पर भीड़ नियंत्रण के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कैमरे लगाए जाएंगे। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

मेहताब आलम, हरिद्वार। अर्द्धकुंभ में गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेला पुलिस इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सहारा लेगी। घाटों पर लगाए जाने वाले एआई आधारित कैमरे केवल निगरानी ही नहीं करेंगे, बल्कि श्रद्धालुओं की संख्या और भीड़ के घनत्व का आकलन भी करेंगे।

किसी घाट पर निर्धारित क्षमता से अधिक भीड़ पहुंचते ही सिस्टम कंट्रोल रूम को अलर्ट जारी करेगा। इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित करेगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य भीड़ का दबाव बढ़ने से पहले ही स्थिति को भांपना और भगदड़ जैसी परिस्थितियों की आशंका को रोकना है।

अर्द्धकुंभ के दौरान स्नान पर्वों पर हरकी पैड़ी समेत प्रमुख गंगा घाटों पर करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ प्रबंधन पुलिस के सामने प्रमुख चुनौतियों में से एक होगा। इससे निपटने के लिए आइसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) के माध्यम से स्मार्ट निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।

यूं तो मेले में हजारों की संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, लेकिन भीड़ प्रबंधन के लिए 106 कैमरों को विशेष सॉफ्टवेयर से लैस किया जाएगा। एआई बेस्ड एनालिटिक्स तकनीक के जरिए कैमरों से प्राप्त लाइव फुटेज का विश्लेषण होगा। सिस्टम बताएगा कि किस घाट पर कितने श्रद्धालु मौजूद हैं और कहां भीड़ का दबाव तेजी से बढ़ रहा है।

कैमरे बताएंगे कहां कितनी भीड़

इस व्यवस्था की खासियत यह होगी कि पुलिस को केवल सीसीटीवी फुटेज देखकर भीड़ का अनुमान नहीं लगाना पड़ेगा। एआई तकनीक उपलब्ध तस्वीरों और वीडियो का विश्लेषण कर भीड़ की स्थिति का आंकलन करेगी।

निर्धारित क्षमता के करीब या उससे अधिक भीड़ पहुंचने पर कंट्रोल रूम को अलर्ट मिलेगा। इसके आधार पर पुलिस संबंधित घाट पर अतिरिक्त बल भेजने, श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर दूसरे घाटों की ओर डायवर्जन करने जैसे निर्णय ले सकेगी।

इन घाटों पर रहेगी नजर

निगरानी के लिए शहर कोतवाली क्षेत्र के 51 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, शिव घाट, विष्णु घाट, बेलवाला घाट, कांगड़ा घाट, ओम ब्रिज वेस्टर्न घाट, रोड़ी घाट और प्रेमनगर घाट समेत प्रमुख स्थान शामिल हैं।

अर्द्धकुंभ में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। एआई आधारित एनालिटिक्स के माध्यम से घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या और भीड़ के दबाव का आकलन करने में मदद मिलेगी।

निर्धारित क्षमता से अधिक भीड़ होने पर कंट्रोल रूम को तत्काल अलर्ट मिलेगा, जिससे पुलिस समय रहते आवश्यक कदम उठा सकेगी। हमारा प्रयास है कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान की सुविधा मिले।

डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, महानिरीक्षक अर्द्धकुंभ हरिद्वार

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी सभी विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव

यह भी पढ़ें- हरिद्वार के सुभाष घाट पर प्रसव के मामले में डीएम ने बैठाई जांच, 48 घंटे में मांगी रिपोर्ट

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।