दुनिया के लिए 'योगी', पर मां के लिए हमेशा 'अजय' रहे आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के लिए वह हमेशा 'अजय' रहे, भले ही दुनिया उन्हें योगी के नाम से जानती हो। बेटे के संन्यास लेने के फैसले से मां को गहरा दुख हुआ, लेकिन उनका मातृत्व प्रेम कभी कम नहीं हुआ, जैसा कि 1998 में भिक्षा देने के पल से झलकता है।

HighLights
मां सावित्री देवी के लिए योगी हमेशा 'अजय' रहे।
22 वर्ष की उम्र में अजय ने संन्यास लिया, मां दुखी हुईं।
1998 में मां ने बेटे को भिक्षा दी, परिवार भावुक हुआ।
अश्वनी त्रिपाठी, देहरादून। मां के आंचल की छांव में पलने वाला बेटा एक दिन सांसारिक मोह-माया से विरक्त होकर वैराग्य की राह चुन लेता है, उसके कदम तो आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन मां का मन उसी दहलीज पर ठहर जाता है, जहां से उसका लाल संन्यासी बनकर विदा हुआ था।
समय बीतता है, बेटे की पहचान बदल जाती है, दुनिया उसे नए नाम से पुकारने लगती है, लेकिन मां की स्मृतियों में उसका बचपन कभी ओझल नहीं होता। पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव की सावित्री देवी अंतिम सांस तक इस पीड़ा को महसूस करती रहीं।
जिस अजय को कभी अपनी गोद में खिलाया, उंगली पकड़कर जीवन की राह दिखाई, वही एक दिन संसार का होकर रह गया। दुनिया ने उसे योगी आदित्यनाथ के रूप में जाना, लेकिन मां के मन में वह हमेशा अजय ही बना रहा।
वर्ष 1994 की बात है। महज 22 वर्ष की उम्र में अजय सिंह बिष्ट ने नाथ संप्रदाय की दीक्षा लेकर संन्यास धारण कर लिया। सिर मुंडवाया, कान छिदवाए, भगवा वस्त्र ओढ़े और गोरखपुर की ओर प्रस्थान कर गए। पीछे छूट गया पंचूर का वह घर, जहां मां की ममता, पिता का स्नेह और भाई-बहनों के साथ बिताए बचपन की अनगिनत स्मृतियां थीं। परिवार को उनके इस निर्णय की जानकारी कई महीने बाद हुई। जब मां सावित्री देवी तक बेटे के संन्यास की खबर पहुंची तो वह फूट-फूटकर रोईं। जिस बेटे के लिए उन्होंने जीवन के सपने संजोए थे, उसके जीवन की राह अब घर-परिवार से बहुत दूर निकल चुकी थी।
संन्यास की खबर ने मां को तोड़ा, बेटे को देखने गोरखपुर पहुंचीं
बेटे के संन्यास का समाचार पत्नी को देना पिता आनंद सिंह बिष्ट के लिए भी कम पीड़ादायक नहीं था। मां को जब पुत्र अजय के संन्यासी बनने की बात पता चली तो वह बहुत रोईं। बेटे से मिलने के लिए वह गोरखपुर तक गईं। तब पिता ने कहा था कि हमें अजय की इच्छा का सम्मान करना चाहिए। महंत अवैद्यनाथ ने भी परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि उनके कई बेटों में से केवल एक ने संन्यास लिया है।
यह भी पढ़ें- VIDEO: मां को अंतिम विदाई देते भावुक हुए CM योगी, हरिद्वार में अंतिम संस्कार
जिसे गोद में खिलाया, उसी को दी भिक्षा
वर्ष 1998 में संन्यासी जीवन की अंतिम पारंपरिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए योगी आदित्यनाथ पहली बार घर लौटे। जिस मां ने कभी अपनी ममता से बेटे का पालन किया, अपने हाथों से निवाला खिलाया और उसकी हर जरूरत का ध्यान रखा, उसी मां के सामने अब बेटा भिक्षा लेने के लिए खड़ा था। तब सावित्री देवी ने अपने बेटे को फल, चावल और रुपये भिक्षा में दिए। बहन शशि सिंह ने बताया था कि उस समय पूरा परिवार रोया था। महाराज जी की आंखें भी नम थीं। उन्होंने उस पल की तुलना बेटी की विदाई से की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।