विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां सावित्री ने योगी बने पुत्र को पहली भिक्षा में दिए थे फल और चावल, चार साल बाद लौटे थे घर, विदाई के वक्त रो पड़े थे अजय

By Ashwani Kumar TripathiEdited By: Rahul Chauhan
Published: Fri, 20 Nov 2026 01:26 PM (IST)

संन्यास के बाद योगी आदित्यनाथ को मां सावित्री देवी ने पहली भिक्षा में फल, चावल और पैसे दिए थे। इस भावुक पल में पूरा परिवार और योगी आदित्यनाथ भी रो पड़े थे, जिसे बहन ने बेटी की विदाई जैसा बताया।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। पहली भिक्षा में मां सावित्री देवी ने अपने हाथों से बेटे योगी आदित्य नाथ को फल, चावल और पैसे दिए थे, सामने खड़ा बेटा संन्यासी बन चुका था, लेकिन मां के लिए वह आज भी वही अजय था, जिसे कभी गोद में खिलाया था।

भिक्षा देने के दौरान मां ही नहीं, पूरा परिवार रो पड़ा था। बेटे योगी आदित्यनाथ की आंखें भी नम थीं। बहन शशि सिंह ने मीडिया रिपोर्ट में इस पल को बेटी की विदाई जैसा बताया था। उत्तराखंड के पंचूर गांव की सावित्री देवी के जीवन का यह सबसे भावुक पल था।

रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 1994 में अजय सिंह बिष्ट ने परिवार को बताए बिना संन्यास ग्रहण कर लिया था। नाथ संप्रदाय की दीक्षा के बाद वह योगी आदित्यनाथ बन गए। परिवार को उनके संन्यास की जानकारी कई महीने बाद मिली।

पिता आनंद सिंह बिष्ट जब गोरखपुर पहुंचे और बेटे को भगवा वस्त्रों में देखा तो भावुक हो उठे। घर लौटकर उन्होंने पत्नी सावित्री देवी को इसकी जानकारी दी। आनंद सिंह के मुताबिक, बेटे के संन्यास की खबर सुनकर सावित्री देवी बहुत परेशान हो उठी थीं।

1998 में मां से ली पहली भिक्षा

संन्यास के करीब चार साल बाद वर्ष 1998 में योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यह सामान्य पारिवारिक मुलाकात नहीं थी। संन्यासी परंपरा के तहत उन्हें अपनी मां से पहली भिक्षा लेनी थी।

सावित्री देवी ने बेटे को फल, चावल और पैसे दिए। बहन शशि सिंह ने मीडिया को बताया था कि भिक्षा देते समय पूरा परिवार रो रहा था। योगी आदित्यनाथ भी अपने आंसू नहीं रोक पाए थे। शशि ने इस दृश्य की तुलना बेटी की विदाई से की थी। शशि के मुताबिक, इस घटना ने मां को भीतर तक हिला दिया।

खेतों में काम, पशुओं की देखभाल और सात संतानों की परवरिश

सावित्री देवी का जीवन पहाड़ के सामान्य ग्रामीण परिवार की जिम्मेदारियों के बीच बीता। पति आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां थीं। सावित्री देवी दिनभर खेतों में काम करतीं और गायों की देखभाल करती थीं।

शाम को बच्चों की पढ़ाई के दौरान रसोई की जिम्मेदारी संभालती थीं। उस समय गांव में बिजली नहीं थी। बच्चे मिट्टी के तेल की बत्ती वाले दीये के आसपास बैठकर पढ़ते थे। गांव में वर्ष 1982 में बिजली पहुंची।

अजय भी बचपन में इन्हीं परिस्थितियों में पले-बढ़े। बहन शशि सिंह के मुताबिक, वह अपने छोटे भाई को रोजाना करीब एक किलोमीटर दूर स्थित सरकारी स्कूल ले जाती थीं। दोनों रास्ते में साल के जंगलों से गुजरते थे। अजय पढ़ाई में तेज थे और बच्चों से काफी लगाव रखते थे।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, 91 साल की उम्र में पौड़ी में ली अंतिम सांस

यह भी पढ़ें- सत्ता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी मां सावित्री देवी के लिए हमेशा अजय ही रहे योगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।