दून विश्वविद्यालय मेस के खाने में कीड़ा मिलने पर छात्रों का विरोध, किया कुलपति आवास का घेराव
दून विश्वविद्यालय की मेस में खाने में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों ने कुलपति आवास का घेराव कर मेस व्यवस्था ...और पढ़ें
-1790619271707_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। दून विश्वविद्यालय की मेस में सोमवार रात परोसे गए खाने में कीड़ा मिलने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। मेस की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर नाराज छात्र-छात्राओं ने देर रात कुलपति आवास का घेराव किया।
छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए मेस व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। बड़ी संख्या में छात्रों के कुलपति आवास पहुंचने की सूचना पर विश्वविद्यालय प्रशासन में भी हलचल मच गई। पुलिस और चीफ प्रॉक्टर मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की।
छात्रों का कहना था कि मेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें की गई हैं। उनका आरोप था कि शिकायतों के बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। सोमवार रात भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्राएं पहले विरोध जताने लगीं और बाद में समूह के साथ कुलपति आवास पहुंच गईं।
कुछ देर में अन्य छात्र भी वहां जुट गए। छात्रों ने मेस के भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने, साफ-सफाई पर ध्यान देने और भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी की मांग रखी।
उनका कहना था कि हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के लिए मेस की गुणवत्ता सीधे उनके रोजमर्रा के खानपान से जुड़ा विषय है। इसलिए शिकायतों पर केवल आश्वासन के बजाय ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। प्रशासन की ओर से छात्रों को मामले को देखने और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाने का प्रयास किया गया। देर रात तक छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच बातचीत चलती रही।
कुलपति बोलीं, मेस संचालक पर होगी कार्रवाई
कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि उन्होंने सोमवार सुबह ब्वायज हॉस्टल का निरीक्षण किया था। व्यस्तता के कारण गल्र्स हॉस्टल का निरीक्षण नहीं कर पाईं। उन्होंने कहा कि मेस को लेकर पहले भी छात्रों की शिकायत मिली थी।
इस पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए थे।शिकायत सही पाए जाने पर मेस संचालक पर कार्रवाई होगी। कुलपति ने बताया कि विवि मेस में छात्रों को 2200 रुपये में तीन वक्त का भोजन दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- फर्जी MBBS दाखिला रैकेट: देहरादून में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल पांच पकड़े गए
उन्होंने यह भी कहा कि 29 सितंबर को विश्वविद्यालय में छात्र परिषद चुनाव होने हैं और कुछ छात्र इस मुद्दे को राजनीतिक रूप भी दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें- दून विवि में बोले सीएम धामी, 'जेन जी नहीं, इंजी हैं आप, विकसित भारत की जिम्मेदारी आपके कंधों पर'
यह भी पढ़ें- छात्रसंघ चुनाव से पहले दून में हाईवोल्टेज ड्रामा, कांग्रेस-एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का एसएसपी आवास कूच
