दून विवि में बोले सीएम धामी, 'जेन जी नहीं, इंजी हैं आप, विकसित भारत की जिम्मेदारी आपके कंधों पर'
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में नवनिर्मित पुस्तकालय भवन, बायोलाजिकल साइंस प्रयोगशाला और कम्युनिटी रेडियो 88.4 एफएम का उद्घाटन किया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को नई पीढ़ी की ताकत का अहसास कराते हुए कहा कि आप केवल जेन जी नहीं, बल्कि ‘इंडी जेनरेशन’ यानी इंडियन जेनरेशन हैं। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी इसी युवा पीढ़ी के कंधों पर है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, अपनी प्रतिभा पहचानने और लक्ष्य हासिल होने तक लगातार मेहनत करने का आह्वान किया।
दून विश्वविद्यालय में गुरुवार को नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल कक्षा और परीक्षा तक सीमित नहीं है। यह वह जगह है, जहां विद्यार्थी अपनी क्षमताओं को पहचानते हैं, सोच को विस्तार देते हैं और जीवन की दिशा तय करते हैं। उन्होंने युवाओं से समय का सदुपयोग करने और अपनी क्षमता को निखारने की अपील की।
नौकरी तलाशने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दौर केवल नौकरी का नहीं, बल्कि स्टार्टअप का भी है। युवाओं के पास विचारों का बड़ा भंडार है। जरूरत उन्हें सही अवसर और मंच देने की है। सरकार प्रदेश में स्टार्टअप का बेहतर इकोसिस्टम तैयार कर रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी कर निकलने के बाद वे नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं रखना चाहती। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से होम स्टे, जैविक खेती, पर्यटन और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि रोजगार के लिए युवाओं को अपनी मिट्टी न छोड़नी पड़े।
18 लाख तक शोध अनुदान, 50 हजार की सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री शोध प्रोत्साहन योजना के तहत शिक्षकों और शोधार्थियों को 18 लाख रुपये तक शोध अनुदान दिया जा रहा है। उत्कृष्ट शोध पत्रों के लिए विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
यूपीएससी, एपीएससी और सीएसएससी जैसी परीक्षाओं में सफल युवाओं को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये की सहायता देने की व्यवस्था भी की गई है।उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा का ढांचा मजबूत करने के लिए राज्य में नौ महाविद्यालय और 20 मॉडल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। महिला छात्रावास, पुस्तकालय और परीक्षा भवन जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए भर्ती परीक्षाओं के माध्यम से नियुक्तियां की जा रही हैं।
नकल विरोधी कानून का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं को निराशा हुई है। सरकार ने युवाओं की मेहनत की सुरक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के परिणामस्वरूप 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सपनों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी और सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दून विश्वविद्यालय को तीन बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बने बायोलाजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और करीब 17 करोड़ रुपये से तैयार केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। केंद्रीय पुस्तकालय का नाम भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखने की घोषणा उन्होंने की।
इसके साथ ही दून विश्वविद्यालय के 88.4 एफएम कम्युनिटी रेडियो का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके प्रभावी संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद स्वीकृत कराने के लिए प्रस्ताव भेजा जा रहा है।विद्यार्थियों की आवागमन संबंधी परेशानी को देखते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय को जल्द दो इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगी, उन्हें धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के संदेश का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि वे लक्ष्य हासिल होने तक रुकें नहीं। उन्होंने नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में अपनी भूमिका निभाएं।
नकारात्मकता फैलाने वालों को नई पीढ़ी देगी जवाब : धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और सरकार का सबसे बड़ा फोकस युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने पर है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ राजनीतिक शक्तियां समाज में नकारात्मकता फैलाने और युवाओं को भड़काने का प्रयास करती हैं, लेकिन प्रदेश की नई पीढ़ी अब इतनी जागरूक हो चुकी है कि वह ऐसे लोगों की हकीकत समझती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहने वाले कुछ लोगों ने प्रदेश की जवानी को दिशा देने के बजाय उसे प्रभावित करने का काम किया। आज वही अवसरवादी ताकतें अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय नकल माफिया को संरक्षण मिला और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया।धामी ने कहा कि उत्तराखंड का युवा अब यह पहचानता है कि कौन साल के 365 दिन प्रदेश के विकास के लिए काम करता है और कौन केवल चुनाव के समय दिखाई देता है।
उन्होंने युवाओं से ऐसे लोगों के बहकावे में नहीं आने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों और भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, आपके सपनों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। यह हमारा संकल्प और सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण में प्रदेश की युवा शक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है।
विदेशी भाषा विभाग को अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक पदों के सृजन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंजूरी दी। इससे विभागीय कार्यों को गति मिलने के साथ विदेशी भाषाओं के अध्ययन और प्रशिक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
