छात्रसंघ चुनाव से पहले दून में हाईवोल्टेज ड्रामा, कांग्रेस-एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का एसएसपी आवास कूच
देहरादून में छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पुराने मुकदमे में नेताओं के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी होने के विरोध में प्रदर्शन किया।
-1790618591103_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले देहरादून में सोमवार देर रात कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन से माहौल गरमा गया।
पुराने मुकदमे में कांग्रेस और एनएसयूआई से जुड़े कुछ नेताओं के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी होने और गिरफ्तारी के प्रयास की सूचना के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में एकत्रित हो गए।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई को छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले की गई कार्रवाई बताते हुए इसका विरोध किया। उनका आरोप था कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने के लिए सरकार के दबाव में पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसके बाद कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने एसएसपी आवास की ओर कूच किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दिलाराम चौक पर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
देर रात तक मौके पर हंगामा और नारेबाजी जारी रही। कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले नेताओं के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई कर चुनावी माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
-1790618640126.webp)
वहीं, पुलिस का कहना है कि कार्रवाई किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि पुराने मामले में अदालत के आदेश और जारी वारंट के आधार पर की जा रही है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट ने छात्र संघ चुनाव में छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण को वैध ठहराया, चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज
गौरतलब है कि देहरादून के प्रमुख महाविद्यालयों में आज मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव प्रस्तावित हैं और पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई समेत विभिन्न छात्र संगठनों की चुनावी गतिविधियां तेज हैं।
देर रात हुए इस घटनाक्रम ने छात्रसंघ चुनाव से ठीक पहले राजधानी के राजनीतिक और छात्र राजनीति के माहौल को और गर्म कर दिया है।
मुख्यमंत्री आवास घेराव की थी योजना, अचानक बदला प्लान
पुलिस सूत्रों के अनुसार कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पहले मुख्यमंत्री आवास पर जाकर विरोध प्रदर्शन की योजना थी, लेकिन मौके पर भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद था, और पुलिस ने किसी को भी सीएम आवास की तरफ नहीं जाने दिया।
ऐसे में अचानक प्रदर्शनकारियों ने एसएसपी आवास का रुख कर दिया। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि विनीत कुमार के खिलाफ रायपुर थाने में मुकदमे दर्ज हैं। अदालत से गैर जमानती वारंट निकले हैं, जिस पर पुलिस कार्रवाई कर रही थी।
