विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महज नौ दिन में देहरादून जू का 'हीरो नं 1' बना तेजस, एक दिन की कमाई पहुंची 4.27 लाख

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:06 AM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 08:10 AM (IST)

सफेद बाघ 'तेजस' के दून चिड़ियाघर में आने से पर्यटकों की संख्या और चिड़ियाघर की आय में भारी वृद्धि हुई है। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

वत्सल गुप्ता, देहरादून। सफेद बाघ तेजस ने दून चिड़ियाघर की रौनक ही नहीं, कमाई भी बढ़ा दी है। मालसी स्थित देहरादून जू में तेजस के आने के बाद पर्यटकों की संख्या में दोगुने से अधिक उछाल दर्ज किया गया।

18 नवंबर को जहां चिड़ियाघर में 1938 पर्यटक पहुंचे थे, वहीं 22 नवंबर को यह आंकड़ा पांच हजार के पार पहुंच गया। एक दिन में चिड़ियाघर की आमदनी भी 1.35 लाख रुपये से बढ़कर 4.27 लाख रुपये तक जा पहुंची।

पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र

सफेद बाघ तेजस अब पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। बच्चों से लेकर बड़ों तक में इसे देखने का उत्साह है। खासकर स्कूली बच्चों की भीड़ बढ़ी है। दूसरे राज्यों से भी स्कूल बच्चों को लेकर चिड़ियाघर पहुंच रहे हैं। तेजस के आने से वन्यजीवों के प्रति बच्चों की रुचि बढ़ने के साथ-साथ चिड़ियाघर की आय में भी उल्लेखनीय इजाफा हुआ है।

देहरादून चिड़ियाघर की प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी दीक्षा भट्ट ने बताया कि तेजस के आने के बाद पर्यटकों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। बच्चे बड़ी संख्या में सफेद बाघ को देखने पहुंच रहे हैं। इसका असर चिड़ियाघर की आमदनी पर भी पड़ा है।

चार दिन में पर्यटकों की संख्या में बड़ा उछाल

19 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफेद बाघ तेजस के बाड़े का उद्घाटन किया था। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से लाए गए तेजस के सफेद शरीर पर काली धारियां और नीली आंखें पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही हैं। तेजस के आने से पहले 18 नवंबर को 1938 पर्यटक पहुंचे व करीब 1.35 लाख रुपये की आय हुई।

20 नवंबर को पर्यटकों की संख्या बढ़कर 2967 हो गई और आमदनी 2.25 लाख रुपये तक पहुंच गई। 21 नवंबर को भी तीन हजार से अधिक पर्यटक यहां पहुंचे। इसके बाद 22 नवंबर को पांच हजार से अधिक पर्यटकों ने चिड़ियाघर का रुख किया और आय 4.27 लाख रुपये रही। 24 नवंबर को भी 4851 पर्यटक पहुंचे।

बच्चों के लिए वन्यजीवों को करीब से जानने का अवसर

चिड़ियाघर में तेजस के साथ अन्य वन्यजीवों को देखने के लिए भी बच्चों की संख्या बढ़ रही है। प्रबंधन के अनुसार, दूसरे राज्यों के स्कूल भी नियमित रूप से शैक्षिक भ्रमण के लिए पहुंच रहे हैं। हर दूसरे दिन स्कूलों के समूह आ रहे हैं, जिससे बच्चों को वन्यजीवों और उनके संरक्षण के बारे में जानने का अवसर मिल रहा है।

ठंड से बचाव के लिए वन्यजीवों के विशेष इंतजाम

सर्दी बढ़ने के साथ चिड़ियाघर प्रबंधन ने वन्यजीवों को ठंड से बचाने के लिए भी व्यवस्थाएं की हैं। अलग-अलग प्रजातियों के अनुरूप हीटिंग उपकरण लगाए गए हैं। सरीसृप और अन्य वन्यजीवों के लिए हीटिंग बल्ब और हीटर की व्यवस्था की गई है।

फर्श और छत पर गर्माहट के लिए पराली बिछाई गई है। प्रत्येक बाड़े में नाइट शेल्टर बनाए गए हैं। पक्षियों को दाने के साथ अंडे भी दिए जा रहे हैं, ताकि ठंड के मौसम में उनकी सेहत और पोषण का ध्यान रखा जा सके।

यह भी पढ़ें- देहरादून में आज से सफेद बाघ का दीदार, चमकदार नीली-नीली आंखें... सामने आई पहली तस्वीर

यह भी पढ़ें- भारत का सबसे बड़ा बाघ था 'बिग डैडी' वाघदोह, जानिए देश के पहले सफेद टाइगर मोहन की कहानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।