विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 09, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 12 से भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि के आसार

By Raksha PanthariEdited By:
Published: Mon, 09 Dec 2019 07:13 PM (IST)Updated: Mon, 09 Dec 2019 08:53 PM (IST)

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार शाम से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा और गुरुवार से इसके तेवर तल्ख होने के आसार हैं।

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 12 से भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि के आसार
उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 12 से भारी बर्फबारी और ओलावृष्टि के आसार

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में एकबार फिर मौसम के तेवर तल्ख हो सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार शाम से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा और गुरुवार से इसके तेवर तल्ख होने के आसार हैं। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ ही मैदानी इलाकों में ओले पड़ने की संभावना जताई गई है। यह स्थिति शुक्रवार तक बनी रहेगी।

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट बदलने लगा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक दिन भर सूरज बादलों से आंख मिचौनी करता रहा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि 11 दिसंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जबकि 12 और 13 दिसंबर के लिए विभाग ने चेतावनी जारी की है। इसके तहत उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और 2500 मीटर तक की ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज तल्ख रहेगा। 

इस दौरान देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने पहले ही एहतियातन अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगा चुका है और छुट्टी पर गए अफसरों को भी वापस बुलाया गया है। 

शीतकाल को लेकर सतर्क हुआ प्रशासन 

मौसम विज्ञान की ओर से शीतलहर को लेकर जारी किए गए पूर्वानुमान को लेकर उत्तरकाशी के जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों की बैठक ली। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने खाद्य गोदामों में राशन की पर्याप्त व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। 

जिलाधिकारी ने शीतलहर के प्रकोप से बचाव हेतु सार्वजनिक स्थान धर्मशाला, रेनबसेरा, चौराह, बस स्टेशनों आदि पर अलाव की व्यवस्था करने के लिए नगर पालिका और जिपं को निर्देश दिए। उन्होंने निराश्रित और असहाय, गृहविहीन व्यक्तियों को कंबल वितरण करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देश दिए। बर्फबारी वाले क्षेत्रों में विद्युत, पेयजल क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था और यथा समय पर व्यवस्थाओं को सुचारू करने को लेकर ऊर्जा निगम और जल संस्थान से रिपोर्ट मांगी। 

यह भी पढ़ें: उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी हिमपात, पूरे कुमाऊं में बदला मौसम का मिजाज nainital news

इसके अलावा हर्षिल घाटी में हिमखंड टूटने जैसी घटनाओं को लेकर एसडीआरएफ व बीआरओ को सतर्क रहने के निर्देश दिए। जिससे समय पर हाईवे को खोला जा सके। बैठक में एसपी पंकज भट्ट, सीडीओ पीसी डंडरियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, लोनिवि के ईई आरएस खत्री आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में बादलों का डेरा, चारधाम की ऊंची चोटियों में बर्फबारी; पहाड़ों में बूंदाबांदी