Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Update: पहाड़ों पर बर्फ गिरेगी या मैदान में होगी बारिश! पढ़िए उत्तराखंड के मौसम का ताजा अपडेट

    Updated: Wed, 04 Dec 2024 08:46 AM (IST)

    Uttarakhand Weather उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश के आसार नहीं हैं। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं धुंध और कोहरे का प्रभाव है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में वर्षा-बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में पिछले एक महीने में बारिश गिरी है। मैदानी इलाकों कोहरे का असर भी अधिक नहीं दिखा है।

    Hero Image
    प्रतीकात्मक तस्वीर का उपयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है। जिससे तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं धुंध और कोहरे का प्रभाव है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में वर्षा के आसार नहीं हैं। प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि, ज्यादातर क्षेत्राें में पारे में गिरावट आ सकती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दून में मंगलवार को सुबह से ही चटख धूप खिली रही। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं धुंध छाई रही, लेकिन दोपहर में आसमान पूरी तरह साफ रहा। ऐसे में दून का तापमान भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। दिन में अभी गर्माहट बरकरार है, लेकिन सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ने लगी है। आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में भी मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना हुआ है।

    दो महीने से ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश नहीं

    करीब दो माह से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में वर्षा-बर्फबारी नहीं हुई है। इससे वातावरण में नमी कम हुई है और पारा सामान्य से अधिक बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय न होने से मौसम में परिवर्तन नहीं हो रहा है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में वर्षा-बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि, अगले कुछ दिन में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाने के भी आसार हैं।

    शहर, अधिकतम, न्यूनतम

    • देहरादून, 25.8, 9.6
    • ऊधमसिंह नगर, 16.1, 9.2
    • मुक्तेश्वर, 19.0, 5.3
    • नई टिहरी, 18.4, 6.6

    टिहरी झील की उपलब्धि,झील में तैरने वाला देश का पहला क्रूज तैयार

    जल्द ही टिहरी झील में लग्जरी सुविधाओं वाला क्रूज बोट पर्यटकों के लिये उपलब्ध होगा। आठ करोड़ रूपये की लागत से बनाया गया क्रूज बोट देश में किसी झील में संचालित होने वाला पहला क्रूज होगा। अभी तक देश में नदी और समंदर में ही क्रूज का संचालन किया जाता है। इन दिनों डिवाइन क्रूज का टिहरी झील में ट्रायल किया जा रहा है। टिहरी झील अभी तक बोटिंग और वाटर स्पोट्र्स के लिये प्रसिद्ध था। लेकिन अब दिसंबर माह से टिहरी झील में शानदार सुविधाओं से युक्त क्रूज बोट भी संचालित होगा।

    ये है सुविधा

    12 लग्जरी कमरों सहित क्रूज में रेस्तरां और डेक की सुविधा है। इसमें पर्यटकों के रहने के अलावा छोटी पार्टियों की सुविधा भी होगी। लगभग आठ करोड़ रूपये की लागत से क्रूज को तैयार किया गया है। क्रूज की छत को भी पहाड़ी शैली के अंदाज में बनाया गया है। इसमें एक कमरे का किराया लगभग चालीस हजार रूपये निर्धारित किया गया है। डिवाइन क्रूज का इन दिनों ट्रायल चल रहा है और संभवत दिसंबर के महीने में इसका विधिवत संचालन शुरू कर दिया जायेगा।

    क्रूज का जल्द होगा ट्रायल

    जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि क्रूज का ट्रायल इन दिनों किया जा रहा है। कुछ जरूरी एनओसी मिलने के बाद दिंसबर माह से इसका संचालन कर दिया जायेगा। आठ करोड़ रूपये की लागत से टिहरी झील में क्रूज तैयार किया गया है। क्रूज के संचालन से टिहरी झील में देश विदेश के पर्यटकों को एक बेहतर स्थान मिल सकेगा। किसी झील में संचालित होने वाला यह देश का पहला क्रूज है। विजय बिष्ट, संचालक डिवाइन क्रूज बोट