Weather Update Today: उत्तराखंड में सूरज हुआ तल्ख, पारा 38 डिग्री पार; तापमान में और आ सकता है उछाल
Weather Update Today प्रदेश में बीते 10 दिनों से प्रदेश मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक चिलचिलाती धूप पसीने छुड़ा रही है। कई मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून : Weather Update Today: उत्तराखंड में सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से पारा लगातार चढ़ रहा है। कई मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
पहाड़ से मैदान तक गर्म हवा के थपेड़े भी बेहाल कर रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल मैदान में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जिससे पारे में और उछाल आ सकता है। जबकि, पहाड़ों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं।
भीषण गर्मी का अहसास
प्रदेश में बीते 10 दिनों से प्रदेश मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक चिलचिलाती धूप पसीने छुड़ा रही है। तेजी से बढ़ रहा तापमान भीषण गर्मी का अहसास करा रहा है। दून में सोमवार को गर्म हवाएं चलने से जन-जीवन प्रभावित रहा।
दून में तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस वर्ष अब तक का सबसे गर्म दिन है। वर्ष 2021 में मई सर्वाधिक तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा था, इस वर्ष का आंकड़ा इसके पार पहुंच गया है। सोमवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान रुड़की (38.5 डिग्री सेल्सियस) और सबसे कम रानीचौरी (10.3 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया।
अगले तीन दिन हो सकती है तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। जिससे तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।
सोमवार को ऐसा रहा तापमान
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 37.8, 20.0
- ऊधमसिंह नगर, 36.1, 21.0
- मुक्तेश्वर, 25.1, 13.7
- नई टिहरी, 25.1, 14.4
निचले क्षेत्रों में दूसरे दिन भी तेज हवाएं चली
सीमांत पिथौरागढ़ जिले में दूसरे दिन सोमवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। यहां उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात और वर्षा हुई तो निचले क्षेत्रों में तेज हवा का दौर जारी रहा। धारचूला की व्यास घाटी से मिली जानकारी के अनुसार उच्च हिमालयी क्षेत्र की चोटियों पर सोमवार दिन में हिमपात हुआ। सूचना के अनुसार कुटी गांव से लेकर आदि कैलास तक बर्फबारी हुई। इसी क्षेत्र मे कुटी से आदि कैलास के मध्य ग्लेशियर आने से विगत एक पखवाड़े से मार्ग बंद है।
आदि कैलास यात्री अभी तक आदि कैलास तक नहीं पहुंच पाए हैं। सोमवार को इस क्षेत्र में फिर से हिमपात होने से गुंजी व आदि कैलास मार्ग के जल्द खुलने के आसार नहीं हैं। वहीं गुंजी सहित अन्य क्षेत्रों में सोमवार को जमकर वर्षा हुई है।
निचले क्षेत्रों में धारचूला सहित अन्य जगहों पर सोमवार दिन में अपरान्ह को मौसम का मिजाज बदल गया। इस दौरान तेज हवाएं चली और हल्की बूदाबांदी हुई। अन्य क्षेत्रों में भी दिन में धूप छांव का खेल चला। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।
जंगल की आग भड़की, 18 नई घटनाएं
प्रदेश में शुष्क मौसम में जंगल में आग तेजी से फैल रही है। सोमवार को प्रदेश में 18 स्थानों पर जंगल धधके, जिनमें करीब 18 हेक्टेयर वन क्षेत्र को नुकसान पहुंचा। वहीं, सबसे ज्यादा घटनाएं सिविल क्षेत्र में 10 दर्ज की गईं।
इस फायर सीजन में अब तक कुल 349 घटनाएं हो चुकी हैं। जिनमें कुल 423 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। आरक्षित वन क्षेत्र में 244 घटनाओं में 260 हेक्टेयर और सिविल वन क्षेत्र में 105 घटनाओं में 163 हेक्टेयर वन को क्षति पहुंची है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।