Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Update: उत्‍तराखंड में कमजोर पड़ा मानसून, अब विदाई की उलटी गिनती शुरू

    Updated: Sun, 21 Sep 2025 07:26 PM (IST)

    Weather Update उत्तराखंड में मौसम साफ हो गया है ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में वृद्धि होगी। मानसून कमजोर पड़ गया है और जल्द ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से विदा हो सकता है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

    Hero Image
    प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क रहने के आसार। फाइल

    जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में आसमानी आफत का दौर थम गया है। पहाड़ से मैदान तक ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिल रही है। लगातार दूसरे दिन देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में चटख धूप खिली। पहाड़ों में कहीं-कहीं आंशिक बादल भी छाये रहे। अगले कुछ दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। 24 घंटे के भीतर हिमाचल के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो सकता है। इसके बाद सप्ताहभर में उत्तराखंड से भी विदाई का सिलसिला शुरू होने का अनुमान है।

    रविवार को देहरादून में सुबह से चटख धूप खिली। दिनभर धूप खिली रहने से पारे में भी वृद्धि हुई और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके अलावा पहाड़ों में भी धूप खिलने से राहत है।

    बीते दो दिन से भारी बारिश का क्रम पूरी तरह थमा हुआ है। कहीं-कहीं आंशिक बादल जरूर मंडरा रहे हैं, लेकिन फिलहाल मौसम साफ हो गया है। अगले पांच दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।

    मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने और हल्की वर्षा के आसार हैं। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने और चटख धूप खिलने का अनुमान है। इसके साथ ही मानसून देश के पश्चिमी राज्यों से विदा होने लगा है। अगले 24 घंटे के भीतर मानसून हिमाचल के कुछ हिस्सों से लौट सकता है। इसके कुछ दिन के भीतर उत्तराखंड से भी विदाई का क्रम शुरू हो सकता है। सामान्यत: सितंबर अंत तक मानसून उत्तराखंड से लौट जाता है।