विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update: देहरादून में 48 घंटे में 500 प्रतिशत अधिक बारिश, आज इन सात जिलों में ऑरेज अलर्ट

Published: Wed, 03 Sep 2025 10:06 AM (IST)

उत्तराखंड में भारी बारिश ने कहर बरपाया है खासकर देहरादून में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने ऑरेंज ...और पढ़ें

देहरादून में बारिश के पानी के बीच से निकलता स्कूटी सवार। जागरण
देहरादून में बारिश के पानी के बीच से निकलता स्कूटी सवार। जागरण

HighLights

  1. उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
  2. देहरादून में 500% अधिक बारिश दर्ज की गई
  3. मौसम विभाग का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

जागरण संवाददाता, देहरादून: Weather Update: उत्तराखंड में भारी बारिश आफत बन गई है। पहाड़ से मैदान तक लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है। जिससे ज्यादातर क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई क्षेत्रों में बीते 24 घंटे में रिकार्ड बारिश दर्ज की गई है। आज भी प्रदेश में भारी बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने प्रदेश में बढ़ाई दुश्वारियां

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की आशंका है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। शेष जिलों में भी बादल छाये रहने और तीव्र वर्षा के दौर होने की आशंका है। गुरुवार को भी प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा का क्रम जारी रह सकता है।

लगातार हो रही बारिश से तापमान में भारी गिरावट

  • प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।
  • देहरादून में अधिकतम तापमान (23.8) सामान्य से करीब छह डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। जबकि, न्यूनतम तापमान (20.9) में भी करीब दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।
  • मंगलवार दून में इस बार मानसून सीजन का सबसे कम गर्म दिन रहा।
  • दून में दिन और रात के तापमान में महज चार डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा।
  • अन्य प्रमुख शहरों में भी पारा चार से छह डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का है।
  • टिहरी में सर्वाधिक 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

देहरादून में दो दिन में 500 प्रतिशत अधिक बारिश

देहरादून में बीते दो दिन से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहा। सितंबर की शुरुआत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश से हुई है। शुरुआती दो दिन में ज्यादातर क्षेत्रों में सामान्य से कई गुना अधिक वर्षा रिकार्ड की गई है।

देहरादून में ही बीते दो दिनाें में 124 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई, जो कि सामान्य से 500 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा सितंबर में शुरुआती दो दिन में इससे अधिक वर्षा वर्ष 2016 और 2010 में ही दर्ज की गई थी। अभी आज देहरादून में वर्षा का क्रम जारी रहने की आशंका है।

मूसलाधार बारिश से शहर पानी-पानी

मंगलवार को दून में तड़के शुरू हुआ रिमझिम बारिश का क्रम दोपहर में झमाझम वर्षा में बदल गया। सुबह शुरू हुई मूसलाधार बारिश दोपहर बाद तक करीब आठ घंटे तक जारी रही। इस दौरान शहर के चौक-चौराहे जलमग्न हो गए है और सड़कों पर भारी मात्रा में बारिश का पानी बहता रहा। साथ ही नदी-नालों में भी उफान आने से आसपास की बस्तियों को खतरा पैदा हो गया।

लगातार हो रही बारिश से सड़कों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। मुख्य मार्गों से लेकर आंतरिक सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।