Weather Update: देहरादून में दिन का तापमान कम होने से गुलाबी ठंडक का अहसास, अल्मोड़ा में हुई बूंदाबांदी ने ठंड बढ़ाई
Uttrakhand Weather News देहरादून में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। सुबह धूप खिलने के बाद दोपहर में आंशिक बादल छाए और हल्की हवाएं चलीं। पहाड़ों में बादल मंडरा रहे हैं और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा और हिमपात के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिल रही है जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Weather Update: दून में सुबह से धूप खिलने के बाद दोपहर के बाद आंशिक बादल मंडराने लगे और हल्की हवाएं भी चलीं। इस बीच पारे में भी 24 घंटे में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। अब दून का अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। हालांकि, यह अब भी सामान्य से अधिक है। आज दून में सुबह कुहासा व धुंध छाने के आसार हैं। दिन में शुष्क मौसम के बीच धूप खिली रह सकती है।
उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा और हिमपात के आसार बने हुए हैं। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में शुष्क मौसम के बीच चटख धूप खिल रही है। जिससे अभी अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं। जबकि, सुबह-शाम ठंडक बढ़ रही है। पहाड़ों में ठिठुरन बढ़ गई है और दिन का तापमान सामान्य से नीचे पहुंचने लगा है।
पहाड़ों पर ठिठुरन बढ़ने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। मध्यम हवा चलने से पहाड़ों में ठिठुरन बढ़ सकती है। पारे में मामूली गिरावट आ सकती है।
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 29.8, 15.6
- ऊधमसिंह नगर, 29.2, 19.8
- मुक्तेश्वर, 17.1, 9.4
- नई टिहरी, 20.8, 11.2
अल्मोड़ा में हुई बूंदाबांदी, ठंड बढ़ी
अल्मोड़ा व आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम दिन भर करवट बदलता रहा। सुबह सूर्योदय आंशिक बादलों के बीच हुआ। इसके दोपहर तक धूप छांव का खेल चलता रहा। अपराह्न में समूचा आसमान बादलों से पट गया। वहीं बूंदाबांदी हुई। इससे विगत दिवस के मुकाबले मौसम में ठंडक रही। अधिकतम तापमान 24.3 व न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के रुख को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों से कम ही संख्या में लोग बाजार पहुंचे।
.jpg)
दरकती पहाड़ी के नीचे घंटों फंसे रहे यात्री व पर्यटकों के वाहन
हल्द्वानी हाईवे पर नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर क्वारब क्षेत्र में पहाड़ जा रहा ट्रक दरक रही पहाड़ी के ठीक नीचे फंस गया। ट्रक के फंसने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। दरक रही खतरनाक पहाड़ी के नीचे यात्री वाहन भी फंसे रहे। डेढ़ घंटे बाद ट्रक के हटने के बाद बामुश्किल यातायात सुचारु हुआ तब जाकर यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। खतरनाक पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों से अनहोनी का अंदेशा बढ़ता ही जा रहा है।
ट्रक फंसने से लगी लंबी कतारें
मंगलवार को हल्द्वानी से पहाड़ की ओर जा रहा ट्रक दरक रही पहाड़ी के ठीक नीचे हाईवे के बीचोंबीच फंस गया। वाहन चालक ने ट्रक को निकालने का प्रयास किया पर सफ़लता नहीं मिली। ट्रक के फंसने से आवाजाही भी ठप हो गई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। खतरनाक पहाड़ी के नीचे कई यात्री व पर्यटकों के वाहनों की कतार लग जाने से खतरा कई गुना बढ़ गया। यात्री भी वाहनों से बाहर निकल आए।
डेढ़ घंटे बाद हटा ट्रक
तकरीबन डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल ट्रक को हाईवे से हटाया जा सका तब जाकर यातायात सुचारु हुआ। वाहनों के आगे बढ़ने से यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। क्वारब क्षेत्र में लगातार बिगड़ रहे हालातों से बड़ी घटना का अंदेशा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने जल्द सुरक्षित यातायात के ठोस उपाय किए जाने पर जोर दिया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।