Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Monsoon 2023: केरल पहुंचा मानसून, उत्तराखंड में कब पहुंचेगा? इस पर आया बड़ा अपडेट

    By Vijay joshiEdited By: Nirmala Bohra
    Updated: Fri, 09 Jun 2023 06:58 AM (IST)

    Monsoon 2023 in Uttarakhand दक्षिण-पश्चिमी मानसून केरल में दस्तक दे चुका है। वहीं जुलाई की शुरुआत में प्रदेश में मानसून के दस्तक देने के आसार हैं। आमतौर पर उत्तराखंड में मानसून 25 जून के आसपास पहुंचता है।

    Hero Image
    Monsoon 2023: जुलाई की शुरुआत के साथ दस्तक दे सकता है मानसून

    जागरण संवाददाता, देहरादून: Monsoon 2023: दक्षिण-पश्चिमी मानसून केरल में दस्तक दे चुका है। अपने निर्धारित समय से यह करीब एक सप्ताह देरी से पहुंचा है। हालांकि, उत्तराखंड में मानसून पहुंचने में तीन सप्ताह से अधिक का समय लगेगा। जुलाई की शुरुआत में प्रदेश में मानसून के दस्तक देने के आसार हैं। आमतौर पर उत्तराखंड में मानसून 25 जून के आसपास पहुंचता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रदेश में बीते दो माह से वर्षा का क्रम सामान्य से अधिक रहा। जून की शुरुआत में भी पहाड़ से लेकर मैदान तक बौछारें होती रहीं। हालांकि, बीते तीन दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क है और चटख धूप से तपिश बढ़ गई है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।

    उधर, केरल में सामान्य से आठ दिन बाद मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है। इसके बाद देश के अन्य हिस्सों में मानसून अगले कुछ दिनों में बढ़ेगा। आमतौर पर केरल से उत्तराखंड पहुंचने में मानसून को तीन सप्ताह से अधिक का समय लगता है। ऐसे में प्रदेश में 25 जून के आसपास मानसून दस्तक देता है, लेकिन इस बार मानसून के जुलाई प्रथम सप्ताह में पहुंचने के आसार हैं।

    हालांकि, भारतीय मौसम विभाग की ओर से अरब सागर में उठ रहे चक्रवात के कारण मानसून के केरल से आगे बढ़ने की रफ्तार कुछ धीमी रहने की आशंका जताई जा रही है। जिससे उत्तराखंड में मानसून के और विलंब होने की भी संभावना है। बीते वर्ष प्रदेश में 30 जून को मानसून ने पूरी तरह से प्रवेश कर लिया था। वहीं, वर्ष 2021 में यह समय से पहले 13 जून को ही उत्तराखंड पहुंच गया था।

    पिछले 10 वर्षों में इस दिन पहुंचा मानसून

    • वर्ष, तारीख
    • 2012, 08 जुलाई
    • 2013, 23 जून
    • 2014, 14 जुलाई
    • 2015, 19 जून
    • 2016, 16 जून
    • 2017, 28 जून
    • 2018, 28 जून
    • 2019, 03 जुलाई
    • 2020, 03 जुलाई
    • 2021, 13 जून
    • 2022, 30 जून

    प्रदेश में अंधड़-बौछारों के बन रहे आसार

    उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है और पहाड़ से मैदान तक चटख धूप तपिश बढ़ा रही है। दून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में पारा तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, शनिवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

    मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिन मैदानों में मौसम शुष्क और पहाड़ों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। जबकि, 10 जून से कुछ दिन ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडराने के साथ तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं। मैदानी क्षेत्रों में 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि को लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।

    • शहर, अधिकतम, न्यूनतम
    • देहरादून, 37.2, 21.6
    • ऊधमसिंह नगर, 38.6, 19.4
    • मुक्तेश्वर, 25.0, 14.7
    • नई टिहरी, 27.0, 15.4