जेनी और दीप्ति के मामले में भी चुप्पी तोड़े कांग्रेस: विनोद चमोली
भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस की 'न्याय यात्रा' पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी अंकिता भंडारी मामले ...और पढ़ें

HighLights
भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर सवाल उठाए।
अंकिता भंडारी मामले को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया।
जेनी, दीप्ति जैसे अन्य मामलों में भी आवाज उठाने की मांग।
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश में गरमाई सियासत के बीच भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार किया। धर्मपुर विधायक एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अंकिता के मामले को राजनीतिक हथियार बनाकर सत्ता तक पहुंचने का रास्ता तलाश रही है।
उन्होंने कांग्रेस की प्रस्तावित न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पार्टी वास्तव में महिला सम्मान और न्याय की पक्षधर है तो उसे जेनी और दीप्ति समेत महिला उत्पीड़न के अन्य मामलों में भी समान रूप से आवाज उठानी चाहिए। केवल राजनीतिक लाभ वाले मामलों को उठाना कांग्रेस के दोहरे चरित्र को उजागर करता है।
गुरुवार को जारी बयान में विनोद चमोली ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जांच से लेकर आरोपितों को सजा मिलने तक की प्रक्रिया सार्वजनिक रही है। जांच एजेंसियों ने सभी तथ्यों को परखा और दोषी सलाखों के पीछे पहुंचे।
इसके बावजूद कांग्रेस इस प्रकरण को राजनीतिक अवसर के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा निकालने वाली कांग्रेस को राजनीतिक चश्मा उतारकर उन महिलाओं की पीड़ा भी देखनी चाहिए, जिनके मामलों में उसके अपने नेताओं पर सवाल उठे हैं।
चमोली ने कांग्रेस शासनकाल में सामने आए जेनी प्रकरण और वर्ष 2015 में नारी निकेतन की मूक-बधिर संवासिनी से दुष्कर्म और गर्भपात के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी निकेतन प्रकरण में नौ लोगों को सजा हुई थी। तब भी कुछ सफेदपोशों को सत्ता के संरक्षण में बचाने के आरोप लगे थे।
उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न पर श्वेत पत्र की मांग करने वाली कांग्रेस को पहले अपने नेताओं से जुड़े मामलों पर जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जेनी ने जो आरोप लगाए हैं, उन पर कानून अपना काम करेगा, लेकिन कांग्रेस को इन आरोपों का जवाब भाजपा से मांगने के बजाय अपनी पार्टी के संबंधित नेताओं से पूछना चाहिए।
चमोली ने कहा कि महिला उत्पीड़न के मामलों में कांग्रेस को एकतरफा राजनीति छोड़नी होगी। अंकिता के साथ जेनी और दीप्ति को भी न्याय दिलाने के लिए आवाज उठानी चाहिए।
यह भी पढ़ें- जेनी प्रकरण: नगर निगम ने खोलीं पुरानी फाइलें, प्रमाणपत्र की होगी जांच
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।