देहरादून में साहित्य कला संगीत का संगम वैली आफ वर्ड्स महोत्सव शुक्रवार से, अरुणाचल के सीएम पेमा खांडू करेंगे उद्घाटन
देहरादून में शुक्रवार से वैली आफ वर्ड्स अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव का दसवां संस्करण शुरू हो रहा है।
-1795690766015_v-1795714089193_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। साहित्य, विचार, कला और संगीत का संगम शुक्रवार से देहरादून में सजने जा रहा है। वैली आफ वर्ड्स अंतरराष्ट्रीय साहित्य एवं कला महोत्सव के दसवें संस्करण का शुभारंभ आज होटल मधुबन राजपुर रोड में होगा, जिसका उद्घाटन अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू करेंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में देश-विदेश के साहित्यकारों, कलाकारों और विचारकों के बीच संवाद होगा। महोत्सव के पहले दिन प्रख्यात पर्यावरणविद् और विचारक डा. वंदना शिवा कीनोट वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगी।
पर्यावरण, जैव विविधता व प्रकृति के साथ मानव सभ्यता के संबंधों पर उनका संबोधन उद्घाटन दिवस के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। लोकगायिका और पद्मश्री सम्मानित मालिनी अवस्थी भी पहले दिन महोत्सव में शामिल होंगी।
वैली आफ वर्ड्स बुक अवार्ड्स 2026 की हिंदी कथेतर श्रेणी की विजेता उनकी पुस्तक ‘चंदन की वाड़’ पर विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। इसमें उनकी साहित्यिक अभिव्यक्ति, सांस्कृतिक अनुभवों और लोक परंपराओं पर विमर्श होगा।
आयोजन को लेकर गुरुवार को आयोजक संजीव चोपड़ा ने दून पहुंचे अरुणाचल के मुख्यमंत्री पेमा खांडू से मुलाकात कर विचार-विमर्श भी किया।
शाम को बॉबी कैश की संगीत प्रस्तुति
उद्घाटन दिवस का समापन प्रख्यात कलाकार बाबी कैश की संगीत प्रस्तुति के साथ होगा। 27 से 29 नवंबर तक चलने वाले महोत्सव में साहित्य, संस्कृति, कला और संगीत के विभिन्न आयामों पर कार्यक्रम होंगे। आयोजन में प्रवेश पूरी तरह निश्शुल्क रहेगा।