विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 16, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के पहाड़ों में धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा जनजीवन

By Sunil NegiEdited By:
Published: Mon, 16 Dec 2019 01:22 PM (IST)Updated: Mon, 16 Dec 2019 08:25 PM (IST)

Uttarakhand Weather बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में मौसम भले ही साफ है लेकिन बर्फीली हवा हाड़ कंपा रही है। इस बीच धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के पहाड़ों में धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा जनजीवन
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के पहाड़ों में धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा जनजीवन

देहरादून, जेएनएन। बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में मौसम भले ही साफ है, लेकिन बर्फीली हवा हाड़ कंपा रही है। इस बीच धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है, बावजूद इसके बर्फबारी के बाद दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने 47 मार्गो पर यातायात बहाल कर दिया है। 33 संपर्क मार्ग अब भी बंद है। इसके अलावा गंगोत्री, यमुनोत्री और बदरीनाथ हाईवे पर अब भी आवाजाही शुरू नहीं हो पाई है। वहीं 200 ज्यादा गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है। करीब 170 गांव अब भी जिला मुख्यालय से कटे हुए हैं। अधिकारियों का दावा है कि सोमवार तक स्थितियां सामान्य हो जाएंगी।

सुबह से ही धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि बर्फीली हवा बेचैन करती रही। मौसम साफ होते ही राहत कार्यो में तेजी आई। लोक निर्माण विभाग 70 जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों से बर्फ हटाने में जुटा है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि जिले में ज्यादातर गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर ली गई है, जबकि 30 गांवों में बिजली की तारों को दुरस्त करने का काम चल रहा है।

मुक्तेश्वर में पारा शून्य से नीचे: बारिश और बर्फबारी के बाद गोता लगा रहे पारे में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन कुमाऊं के मुक्तेश्वर में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रिकार्ड किया गया। यही स्थिति जोशीमठ में भी रही। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 0.1 रिकार्ड किया गया। प्रदेश के चार शहरों में पारा दो या दो से कम पर है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अब प्रदेश में शीतलहर का असर बना रहेगा।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: बर्फबारी के बाद पटरी पर लौट रहा जनजीवन, कई मार्ग अब भी बंद

हर्षिल में फंसे 25 पर्यटक निकले

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने हर्षिल तक बर्फ हटाकर गंगात्री हाईवे पर आवाजाही बहाल कर दी। इसी के साथ हर्षिल में फंसे 25 पर्यटक भी वहां से रवाना हो गए। ये लोग 11 दिसंबर को बर्फबारी का लुत्फ उठाने यहां आए थे, लेकिन मार्ग बंद होने के कारण फंस गए। बीआरओ के कमांडेंट सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि हर्षिल तक मार्ग खोल दिया गया है और हर्षिल व गंगोत्री के बीच बर्फ हटाने का काम जारी है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन हुआ अस्‍त-व्‍यस्‍त