उत्तराखंड में मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों पर चलेगा अभियान, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने हेतु 20 से 27 नवंबर तक घर-घर सत्यापन ...और पढ़ें

फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत 20 से 27 नवंबर तक प्रदेशभर में विशेष घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।
इसमें बीएलओ मतदाता सूची की गहन जांच कर नाम, पता और अन्य विवरणों का सत्यापन करेंगे। साथ ही एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों और अपात्र प्रविष्टियों को चिह्नित कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने अभियान में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सचिवालय स्थित कार्यालय से जिलाधिकारियों के साथ आनलाइन समीक्षा की।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का बारीकी से सत्यापन किया जाए और किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए।
वहीं, दोहरी प्रविष्टियों की पहचान कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के तहत पूरी की जाए। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की प्रविष्टियों की जांच करें।
किसी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित अवधि में संबंधित बीएलओ को फार्म-आठ उपलब्ध कराएं। सूची में नाम दर्ज नहीं होने पर फार्म-छह के माध्यम से आवेदन करें।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- 'दुल्हन लेकर आई बारात': ढोल नगाड़ों के साथ देहरादून से शादी करने युवक के घर शामली पहुंची युवती
यह भी पढ़ें- हरिद्वार से देहरादून जा रही उत्तराखंड रोडवेज बस में लगी आग, यात्रियों में हड़कंप