विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दुल्हन लेकर आई बारात': ढोल नगाड़ों के साथ देहरादून से शादी करने युवक के घर शामली पहुंची युवती

By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 19 Nov 2026 07:21 PM (IST)

देहरादून की एक युवती ढोल-नगाड़ों के साथ शामली के एलम कस्बे में युवक के घर पहुंची। युवती ने युवक पर ...और पढ़ें

शामली के एलम में 'दुल्हन लेकर आई बारात' लिखा बैनर लेकर पहुंची युवती।

शामली के एलम में 'दुल्हन लेकर आई बारात' लिखा बैनर लेकर पहुंची युवती।

HighLights

  1. देहरादून की युवती ढोल नगाड़ों के साथ शामली पहुंची।

  2. युवक पर शादी का वादा तोड़ने का आरोप लगाया।

संवाद सूत्र, एलम (शामली )। जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। देहरादून निवासी एक युवती ढोल नगाड़ों के साथ शादी करने एलम निवासी युवक के घर पहुंच गई। उसके साथ शादी की जिद पर अड़ गई।

उसने कहा कि उक्त युवक का उससे अफेयर था और अब वह शादी से मुकर गया है। शनिवार को अन्य युवती से शादी करने जा रहा है। 'दुल्हन लेकर आई बारात' लिखा बैनर लेकर पहुंची युवती को देखकर मामला कस्बे में चर्चा का विषय बन गया। युवक अपने घर पर नहीं मिला। मौके पर पहुंची पुलिस युवती पक्ष को एलम चौकी ले आई।

देहरादून निवासी युवती ने बताया कि उसका सन 2016 से कस्बा एलम निवासी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस दौरान सन 2019 में आरोपित की बहन की शादी में भी वह तीन दिन कस्बा स्थित उसके घर रही थी। आरोप है कि 2019 के बाद युवक ने उससे दूरी बना ली। आरोपित से कई महीने संपर्क ना होने के बाद युवती ने सन 2021 में देहरादून के थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। जिसके बाद आरोपित पीड़िता के पास पहुंचा और शादी करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उसने बातचीत करना बिल्कुल बंद कर दिया।

गुरुवार को अपनी मां, बहनों और मामी के साथ युवती हाथों में वरमाला, बैनर और ढोल नगाड़ों के साथ युवक के घर पहुंची। उसने 'दुल्हन लेकर आई बारात' लिखा बैनर लिए था। खुद को घोड़ी पर और युवक को डोली में बैठा दर्शाया। बैनर पर देहरादून से बरात लेकर पहुंची दुल्हन, बदली परंपरा आदि लिखा हुआ था। स्वजन संग युवक के घर पहुंची युवती को देखकर आरोपित की भाभी ने खुशी में नाचने का नाटक किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोंकझोक हुई।

युवती आरोपित से शादी की जिद पर अड़ी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। युवती ने आरोपित के मकान में छुपे रहने की बात कही। जिस पर पुलिस के साथ उसके साथ युवक को मकान में तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद पुलिस युवती को स्वजन समेत चौकी ले आई।

शुक्रवार को मढ़ा और शनिवार को जानी है बरात

लोगों ने बताया कि आरोपित युवक की शादी गाजियाबाद में तय हुई है। शुक्रवार को मढ़ा और शनिवार को बरात जानी है। युवती ने बताया कि वह उक्त युवक के साथ ही शादी करना चाहती है। वह शादी करने के वादे से मुकर गया है। हालांकि आरोपित युवक के भाई का कहना है कि उसका भाई उक्त युवती से शादी नहीं करना चाहता है। इन लोगों ने जो मुकदमा कराया था, उसमें
एफआर लग चुकी है। मामला निपट चुका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।