Uttarakhand News: हाउस ऑफ हिमालया ब्रांड के प्रोत्साहन को सेंटर फॉर एक्सीलेंस बनाएगी केंद्र सरकार
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में हाउस ऑफ हिमालया ब्रांड को बढ़ावा देने के लिए उत्कृष्टता केंद्र बनाएगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्यक्रम में उन्होंने उत्तराखंड को नंबर एक राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। महिलाओं के सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया गया।

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालया ब्रांड को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्र सरकार उत्तराखंड में सेंटर फार एक्सीलेंस बनाएगी।
शोध, मार्केटिंग और थोड़ी सहायता मिले तो उत्तराखंड के उत्पाद पूरी दुनिया में धूम मचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को नंबर एक राज्य बनाने के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
मंगलवार को आईडीपीएल मैदान में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लखपति दीदी और प्रगतिशील किसानों के साथ सीधा संवाद किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आकर वह अभिभूत हो जाते हैं। यहां की जनता देवों से कम नहीं है। लोग देशभक्त और स्वाभिमानी हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तीकरण की दिशा में काम कर रही है।
केंद्र की मोदी सरकार ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण और आजीविका मिशन लागू होने के बाद महिलाएं सुदृढ़ हुई है। आजीविका मिशन से उत्तराखंड में 1.25 लाख लखपति बहनें बनीं हैं।
केंद्रीय मंत्री शिवराज ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का फिर सर्वे कराया है। इसमें कई नियम बदले गए, जिससे अधिक से अधिक लोगों इस योजना से लाभांवित हो सके। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का चौथा चरण शुरू किया गया। जिससे हर गांव तक सड़क पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि जितनी जरूरत पड़ेगी उतना सहयोग केंद्र सरकार करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने नौकरी, शिक्षा आदि क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का काम किया है। महिलाओं को नए अवसर दिए गए हैं। जिससे बहनें अपने सपनों को साकार कर सकें।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग पर हाउस आफ हिमालया के तहत 110 आउटलेट खोले गए हैं। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आउटलेट का केंद्रीय मंत्री ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आउटलेट पतंनगर और पिथौरागढ़ में भी खोले जाएंगे।
कार्यक्रम में कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, डा. कल्पना सैनी, ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, कैंट विधायक सविता कपूर, राजपुर विधायक खजान दास, ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, पूर्व महापौर अनीता ममगाईं आदि मौजद रहे।
महिलाओं से पूछा समूह में जुड़कर जीवन में क्या परिवर्तन आया
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डोईवाला ब्लाक की लखपति दीदी रीना रावत और हरिद्वार के प्रगतिशील किसान मनमोहन भारद्वाज से सीधा संवाद किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में समूह बनाया था। वर्तमान में समूह में आठ महिलाएं हैं।
महिलाओं ने मशरूम उत्पादन और फूड प्रोसेसिंग का प्रशिक्षण लिया। केंद्रीय मंत्री ने पूछा उनके जीवन में इससे क्या परिवर्तन आया। रीना ने कहा कि आर्थिक तौर पर मजबूत होने के साथ ही समाज में अलग पहचान मिली।
हरिद्वार के किसान मनमोहन भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने 200 बीघा में मामा-भांजा नाम से फार्म खोला। मल्टीनेशल कंपनियों को वह मशरूम बेच रहे हैं। पिछले पांच माह में ही करीब 15 करोड़ का मशरूम किसानों से खरीदा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें मामा कहते है। मजाकिया लहजे में कहा कि यह फार्म मामा-भांजे का हो गया।
क्या है हाउस ऑफ हिमालया
हाउस ऑफ हिमालया स्थानीय उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग के लिए बनाया गया है। जिसे प्रधानमंत्री ने लांच किया था। हाउस आफ हिमालया ब्रांड के तहत आठ श्रेणी में कुल 35 उत्पादों को शामिल किया गया था। इसमें मोटे अनाजों से बने बिस्किट, मुन्स्यारी, चकराता, हर्षिल की राजमा, चौलाई, तोर दाल, लाल चावल, झंगोरा, काले भट्ट, हस्तशिल्प उत्पाद आदि शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने तले स्थानीय पकवान
आइडीपीएल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय उत्पादों को लेकर लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्पादों की खरीदारी भी की।
साथ ही महिलाओं के साथ स्थानीय पकवान भी बनाए। वह उत्पादों के बारे में जानकारी लेते रहे। मध्य प्रदेश की सियासत में मामा नाम से प्रसिद्ध शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड आकर भी यहां के लोगों से मामा-भांजे का नाता जोड़ा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।