उत्तराखंड में भवन निर्माण मानक और भू-उपयोग शुल्क हुए आसान, कैबिनेट की बैठक में मिली मंजूरी
उत्तराखंड सरकार ने भवन निर्माण मानकों को आसान बनाने और भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क को कम करने का निर्णय लिया है।
-1795787618574_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो जागरण, देहरादून। घर-व्यावसायिक भवन तैयार करना हो या अपनी जमीन का भू उपयाेग बदलना हो, अब इससे जुड़ी सरकारी प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान होगी। अब राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि मानकों के शिथिलीकरण के
प्राधिकरण, विभाग के मंत्री व कैबिनेट स्तर पर निर्णय लिए जाएंगे।
वहीं जमीन के भू-उपयोग शुल्क में भी राहत का फैसला लिया गया है। कैबिनेट के इन फैसलों का सीधा असर भवन बनाने वाले आमजन, भू स्वामियों और बिल्डर्स पर पड़ेगा।
भवन के इस्तेमाल के हिसाब से मिलेगी नियमों में छूट
कैबिनेट ने भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2011 के मानकों में शिथिलीकरण देने के लिए नए स्तर तय करने को मंजूरी दी। अब भवन किस काम के लिए बनाया जा रहा है और भूखंड का क्षेत्रफल कितना है, इसके आधार पर छूट देने का स्तर निर्धारित होगा।
पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की अलग-अलग परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि भवन निर्माण से जुड़े छोटे-बड़े मामलों में एक ही स्तर पर मंजूरी के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
काम की प्रकृति के अनुसार सक्षम अधिकारी स्तर पर ही प्रकरणों का निस्तारण हो सकेगा। इससे नक्शा पास कराने और निर्माण संबंधी स्वीकृतियों की प्रक्रिया सुगम और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी।
भू-उपयोग बदलना होगा सस्ता
कैबिनेट ने महायोजना में जमीन का भू-उपयोग बदलने की फीस घटाने का फैसला लिया है, यानी जिस व्यक्ति के पास कृषि भूमि है और वह उस पर मकान बनाना या व्यावसायिक गतिविधि शुरू करना चाहता है, उसे भू-उपयोग बदलने के लिए अब पहले से काफी कम शुल्क देना होगा।
दरअसल, छह अक्तूबर 2021 के शासनादेश में कृषि भूमि को आवासीय या व्यावसायिक उपयोग में बदलने के लिए सर्किल रेट का महज 15 प्रतिशत शुल्क निर्धारित था। अगस्त 2025 में इसे बढ़ाकर आवासीय उपयोग के लिए सर्किल रेट के बराबर और व्यावसायिक उपयोग के लिए 1.5 गुना कर दिया गया था।
अब कैबिनेट ने फिर से 2021 की दरें लागू करने को मंजूरी दी है। इससे जमीन मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी। सरकार का मानना है कि शुल्क कम होने से लोग वैधानिक अनुमति लेकर निर्माण करेंगे और अवैध प्लाटिंग पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।