उत्तराखंड सड़क मरम्मत: देहरादून फिसड्डी, राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति चिंताजनक
उत्तराखंड में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान 83.61% पूरा हो गया है, पर राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति महज 28.09% ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। मानसून के बाद सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की ओर से चलाए जा रहे पैच रिपेयर अभियान में प्रदेश की प्रगति 83.61 प्रतिशत तक पहुंच गई है, लेकिन कई क्षेत्रों में अभी भी मरम्मत का काम पीछे है।
लाेनिवि की रिपोर्ट के अनुसार अनुसार सबसे चिंताजनक स्थिति राष्ट्रीय राजमार्गों की है, जहां प्रगति महज 28.09 प्रतिशत दर्ज की गई। देहरादून जोन में भी 65.55 प्रतिशत काम पूरा हो सका है।
एनएच सर्किल में हल्द्वानी पीछे
राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में 481.55 किमी. के लक्ष्य के मुकाबले 135.25 किमी. प्रगति दर्ज हुई। यहां कुल प्रगति 28.09 प्रतिशत रही। एनएच सर्किल हल्द्वानी में स्थिति और खराब है, जहां 168 के लक्ष्य के सापेक्ष केवल छह किमी. की प्रगति दर्ज की गई। यानी प्रगति महज 3.57 प्रतिशत रही। एनएच डिवीजन रानीखेत, लोहाघाट, बड़कोट, धुमाकोट और श्रीनगर में डैशबोर्ड पर कोई प्रगति दर्ज नहीं है।
देहरादून जोन में 65.55 प्रतिशत काम
देहरादून जोन में 1,362.71 किमी. के लक्ष्य के मुकाबले 893.26 किमी. पैचवर्क हुआ। यहां 65.55 प्रतिशत काम पूरा हुआ। जोन के नौवें सर्किल देहरादून में 52.66 प्रतिशत, प्रांतीय खंड देहरादून में डैशबोर्ड पर प्रगति शून्य दिखाई गई है। वहीं, निर्माण खंड देहरादून में 49.43 प्रतिशत प्रगति हुई।
अल्मोड़ा जोन सबसे अव्वल
अल्मोड़ा जोन में 93.31 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हल्द्वानी जोन में 99.90 प्रतिशत, पौड़ी जोन में 100 प्रतिशत है। डैशबोर्ड के अनुसार, एनएच डिवीजन बड़कोट, धुमाकोट, श्रीनगर और रानीखेत में प्रगति शून्य दर्ज है। प्रांतीय खंड देहरादून में भी निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कोई प्रगति दर्ज नहीं है।
