Uttarakhand: जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के अनन्तिम आरक्षण जारी, छह जिला पंचायतों में नारीशक्ति के हाथ में कमान
उत्तराखंड सरकार ने त्रिस्तरीय पंचायतों के सामान्य निर्वाचन-2025 के अंतर्गत जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए अनंतिम आरक्षण सूची जारी कर दी है। यह निर्णय जनपद हरिद्वार को छोड़कर लिया गया है। इससे पहले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए गए थे जिनमें कुल 69.16 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमे पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत अधिक रहा।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना समाप्त होते ही शासन ने शुक्रवार शाम को जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर आरक्षण का निर्धारण कर इसकी अनंतिम अधिसूचना जारी कर दी। छह जिला पंचायतों में कमान नारीशक्ति के हाथों में रहेगी।
अध्यक्ष के पांच पद सामान्य महिला व एक पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है। चार पद अनारक्षित और एक-एक पद अनुसूचित जाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। उधर, जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर आरक्षण निर्धारित होते ही राजनीतिक दलों के साथ ही संभावित दावेदार सक्रिय हो गए हैं।
राज्य में ग्रामीण निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के पिछड़ेपन की प्रकृति और निहितार्थों की अनुभवजन्य जांच के लिए गठित एकल समर्पित आयोग की संस्तुति के आधार पर इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर नए सिरे से आरक्षण निर्धारण किया गया। पंचायती राज सचिव चंद्रेश कुमार की ओर से जारी अनंतिम अधिसूचना के अनुसार आरक्षण के संबंध में दो और चार अगस्त को आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
आपत्तियां सचिवालय स्थित पंचायती राज सचिव के कार्यालय में प्रस्तुत की जाएंगी। पांच अगस्त को आपत्तियों का निस्तारण होगा और छह अगस्त को आरक्षण की अंतिम सूची जारी की जाएगी। साथ ही इसकी सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी।
शासन ने आरक्षण से संबंधित आपत्तियों के निस्तारण के लिए चार सदस्यीय कमेटी भी गठित कर दी है। इसमें अपर सचिव श्याम सिंह, पंचायती राज विभाग के संयुक्त निदेशक राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी व मनवर सिंह राणा और उप निदेशक मनोज कुमार तिवारी को शामिल किया गया है।
जिपं अध्यक्ष पदों पर आरक्षण
- जिला, आरक्षण
- देहरादून, महिला
- अल्मोड़ा, महिला
- पौड़ी, महिला
- रुद्रप्रयाग, महिला
- टिहरी, महिला
- बागेश्वर, अनुसूचित जाति महिला
- चंपावत, अनारक्षित
- चमोली, अनारक्षित
- नैनीताल, अनारक्षित
- उत्तरकाशी, अनारक्षित
- पिथौरागढ़, अनुसूचित जाति
- ऊधम सिंह नगर, अन्य पिछड़ा वर्ग
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।