Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Panchayat Chunav: टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष पद भी भाजपा की झोली में, चार पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन

    Updated: Wed, 13 Aug 2025 01:45 PM (IST)

    टिहरी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर इशिता सजवाण निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। भाजपा का दबदबा कायम सोना देवी ने नाम वापस लिया। अन्य जिलों में भी चुनाव होने हैं जहाँ 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। 14 अगस्त को मतदान होगा जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रत्याशियों ने चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा का विजयी अभियान जारी है।

    Hero Image
    सोना देवी के नाम वापस लेने के बाद टिहरी में इशिता सजवाण निर्विरोध निर्वाचित। प्रतीकात्‍मक

    राज्य ब्यूरो, जागरण  देहरादून। जिला पंचायतों में भाजपा का विजयी अभियान जारी है। मंगलवार को नाम वापसी के बाद टिहरी जिले में इशिता सजवाण निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई हैं। भाजपा ने पहले यहां से सोना देवी को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन मंगलवार को उनके स्थान पर इशिता सजवाण को प्रत्याशी घोषित कर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाद में पार्टी सोना देवी को नाम वापसी के लिए मनाने में कामयाब हो गई। इससे इशिता के निर्विरोध निर्वाचन की राह प्रशस्त हो गई। ऊधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़ व उत्तरकाशी में जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर भाजपा प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। नाम वापसी के बाद अब सात जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए 15 प्रत्याशी मैदान में हैं।

    जिला पंचायतों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और क्षेत्र पंचायतों में प्रमुख, ज्येष्ठ व कनिष्ठ उप प्रमुखों के चुनाव के लिए मंगलवार को नाम वापसी का दिन नियत था। जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर केवल टिहरी से एकमात्र प्रत्याशी सोना देवी ने नाम वापस लिया। अन्य जिलों में इस पद पर किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया।

    राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार अब जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए अल्मोड़ा में सुनीता कुंजवाल, हेमा गौड़ा व सरस्वती देवी मैदान में हैं। इसके अलावा नैनीताल में पुष्पा देवी व दीपा देवी, बागेश्वर में शोभा देवी व सरोज, चमोली में दौलत सिंह व रमा देवी, देहरादून में मधु चौहान व सुखविंदर कौर, पौड़ी में दीपिका इष्टवाल व रचना और रुद्रप्रयाग में पूनम देवी व प्रीति के मध्य आमने-सामने का मुकाबला है।

    जिला पंचायत उपाध्यक्ष पदों पर मंगलवार को चमोली में सुरेश कुमार व अनीता रावत और रुद्रप्रयाग में अमित कुमार ने नाम वापस ले लिया। ऊधम सिंह नगर में इस पद के लिए नामांकन नहीं हुआ, जबकि चंपावत व पिथौरागढ़ में निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। शेष जिलों में उपाध्यक्ष पद के लिए 20 प्रत्याशियों के मध्य जोरआजमाइश है। इनमें पौड़ी जिले में चार जबकि अन्य जिलों में दो-दो प्रत्याशी मैदान में डटे हैं।

    उधर, नाम वापसी के बाद पांच ब्लाक प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हुए। ये भी भाजपा की झोली में गए हैं। इससे पहले प्रमुख के 11 पदों पर भाजपा प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की थी। जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और क्षेत्र पंचायत प्रमुख, ज्येष्ठ व कनिष्ठ उपप्रमुख पदों के लिए 14 अगस्त को सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक मतदान होगा। इसी दिन साढ़े तीन बजे से मतगणना होगी और शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उधर, चुनाव के लिए कुछ ही घंटे शेष रहने के दृष्टिगत मैदान में उतरे प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंकी हुई है।