Uttarakhand Panchayat Chunav: पंचायतों में पहाड़ से लेकर मैदान तक भाजपा की आंधी, कांग्रेस मात्र एक सीट पर सिमटी
उत्तराखंड पंचायत चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। 12 में से 10 जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। कांग्रेस सिर्फ एक सीट पर सिमट गई है। 89 क्षेत्र पंचायतों में से 63 पर भी भाजपा का कब्जा है। ग्राम प्रधान के 85% पदों पर जीत का दावा किया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने जनता का आभार व्यक्त किया है।

राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से विजय रथ पर सवार भाजपा का तब से प्रत्येक चुनाव में परचम फहराने का कम जारी है। छह माह पहले नगर निकायों में जोरदार प्रदर्शन करने के बाद भाजपा ने त्रिस्तरीय पंचायतों में भी प्रचंड बहुमत हासिल किया है।
हरिद्वार को छोड़ राज्य के शेष जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष के 12 पदों में से 10 पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस मात्र एक सीट पर सिमट गई। यद्यपि, अभी नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम का इंतजार है। इसके साथ ही 89 क्षेत्र पंचायतों में प्रमुख के 63 पदों पर भी भाजपा ने कब्जा जमाया है। प्रमुख के 28 पद कांग्रेस व निर्दलीयों की झोली में गए हैं। भाजपा ने ग्राम प्रधान के 7499 पदों में से 85 प्रतिशत पदों पर पार्टी की जीत का दावा किया है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम कड़ी में गुरुवार को 12 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और क्षेत्र पंचायतों में प्रमुख, ज्येष्ठ व कनिष्ठ उपप्रमुख पदों के लिए चुनाव हुआ। बेतालघाट ब्लाक में चुनाव के दौरान क्षेत्र पंचायत मुख्यालय के बाहर फायरिंग, द्वाराहाट में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों के मध्य पत्थरबाजी और नैनीताल में कुछ जिला पंचायत सदस्यों को कथित तौर पर अगवा करने के प्रकरण पर मचे बवाल को छोड़ सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अपराह्न साढ़े तीन बजे से मतगणना प्रारंभ हुई और शाम तक परिणाम घोषित कर दिए गए।
जिला पंचायतों व क्षेत्र पंचायतों में आए नतीजों ने भाजपा की बांछें खिला दी। ग्राम प्रधान पदों पर भी पार्टी ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया है। असल में भाजपा ने पंचायत चुनाव की तिथि घोषित होने से पहले ही अपनी फील्डिंग सजा दी थी और वह इन चुनावों को वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के तौर पर देख रही थी। इसमें प्रचंड जीत हासिल करने में वह सफल रही है। यद्यपि, देहरादून जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट इस बार हाथ से फिसलने का उसे मलाल भी है।
बेतालघाट फायरिंग प्रकरण में दो पुलिस अफसरों पर होगी कार्रवाई
पंचायत चुनाव के दौरान बेतालघाट में क्षेत्र पंचायत मुख्यालय के बाहर फायरिंग की घटना की सूचना मिलते ही राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रेक्षक से इसकी रिपोर्ट ली। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार के अनुसार रिपोर्ट के आधार पर पुलिस क्षेत्राधिकारी और बेतालघाट के थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की संस्तुति सरकार को भेजी गई है।
नैनीताल में जिला निर्वाचन अधिकारी का लेना है निर्णय
राज्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार नैनीताल के प्रकरण में वहां के जिला निर्वाचन अधिकारी से कोई पत्र नहीं मिला है। हाईकोर्ट के आदेश में भी आयोग के लिए कोई दिशा-निर्देश नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नैनीताल के मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी को ही निर्णय लेना है। यदि वहां से कोई पत्र आता भी है तो उन्हें स्वयं निर्णय लेने को कहा जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को अभूतपूर्व विजय दिलाने के लिए प्रदेश की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार। यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहे विकास रूपी महायज्ञ में उत्तराखंड की जनता की ओर से दी गई एक सामूहिक आहुति है। जनता के अटूट विश्वास, प्रेम व समर्थन ने जनसेवा के हमारे संकल्प को और मजबूत किया है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सरकार पूरी निष्ठा, पारदर्शिता व समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी। - पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
जिला पंचायत उपाध्यक्ष पदों की तस्वीर
- जिला, उपाध्यक्ष
- देहरादून, अभिषेक सिंह (कांग्रेस)
- रुद्रप्रयाग, ऋतु नेगी (भाजपा)
- अल्मोड़ा, सुरेंद्र सिंह नेगी (भाजपा)
- चमोली, लक्ष्मण सिंह (भाजपा)
- पौड़ी, आरती नेगी (निर्दलीय)
- उत्तरकाशी, अंशिका जगूड़ी, (निर्दलीय)
- टिहरी, मान सिंह (कांग्रेस)
- उधमसिंह नगर, नामांकन नहीं
- पिथौरागढ़, दीपिका चुफाल (भाजपा)
- चंपावत, पुष्पा विश्वकर्मा (भाजपा)
- बागेश्वर, विशाखा खेतवाल (भाजपा)
- नैनीताल, परिणाम का इंतजार
आपदा को देखते हुए भाजपा ने नहीं मनाया जश्न
उत्तरकाशी के धराली समेत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आई आपदा को देखते हुए भाजपा ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जबर्दस्त जीत का जश्न नहीं मनाया। आपदा को देखते हुए मुख्यमंत्री धामी ने पार्टी से इसका अनुरोध किया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।