विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand News: अब गैरसैंण में ही होंगे विस के ग्रीष्मकालीन सत्र, मजबूत आधारभूत ढांचा विकसित कर रही सरकार

By Jagran NewsEdited By: Nirmala Bohra
Published: Sun, 05 Mar 2023 09:41 AM (IST)

Uttarakhand News भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अब प्रत्येक ग्रीष्मकाल में विधानसभा के सत्र गैरसैंण में ...और पढ़ें

Uttarakhand News: अब प्रत्येक ग्रीष्मकाल में विधानसभा के सत्र गैरसैंण में आयोजित किए जाएंगे।
Uttarakhand News: अब प्रत्येक ग्रीष्मकाल में विधानसभा के सत्र गैरसैंण में आयोजित किए जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, देहरादून: Uttarakhand News: उत्तराखंड की जनभावनाओं के केंद्र गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित हुए शनिवार को तीन साल पूरे हो गए। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अब प्रत्येक ग्रीष्मकाल में विधानसभा के सत्र गैरसैंण में आयोजित किए जाएंगे।

धामी सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण को लेकर सरकार की नीति स्पष्ट है और वह वहां मजबूत आधारभूत ढांचा विकसित कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र के अनुरूप चार मार्च 2020 को गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किया। इसके बाद कोविड की अप्रत्याशित परिस्थिति और चारधाम यात्रा में व्यस्तता के कारण वहां ग्रीष्मकाल में बजट सत्र के आयोजन में व्यवधान आया।

अब नियमित रूप से ग्रीष्मकाल में वहां सत्र होंगे। सत्र और उससे संबंधित कामकाज में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए गैरसैंण में ऐसा आधारभूत ढांचा बनाया जाएगा जो पूरे ग्रीष्मकाल में वहां मौजूद रहेगा।

प्रभावितों को बढ़े सर्किल रेट पर मिलेगा मुआवजा

जोशीमठ आपदा के प्रभावितों के पुनर्वास से संबंधित प्रश्न पर उन्होंने मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू होने पर संतोष जताया और भरोसा दिलाया कि प्रभावितों को बढ़े सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब किसी आपदा में मुआवजा व पुनर्वास की प्रक्रिया इतने कम समय में शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि भूमि को लेकर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

विपक्ष के विधायकों से सुझाव लेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री के साथ हुई विधायकों की बैठक में विपक्ष को न बुलाने संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के साथ सामूहिक के बजाय मुख्यमंत्री अलग-अलग मुलाकात करेंगे। कांग्रेस समेत अन्य दलों के विधायकों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री उनसे भी सुझाव लेंगे।

होली के बाद मिलेगी शुभ सूचना

दायित्व वितरण के बारे में पूछे जाने पर भट्ट ने कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति व रीति-रिवाज को मानने वाली पार्टी है। होलाष्टक समाप्त होने और होली के बाद दायित्व को लेकर सबको शुभ सूचना मिल जाएगी।

एक अन्य प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सभी मंत्री जिलों में प्रवास पर पहुंच रहे हैं। पार्टी की ओर से लगातार कार्यक्रम हो रहे हैं, जिनमें मंत्री भी शामिल हो रहे हैं। इस दौरान मंत्री आमजन की समस्याएं सुनने के साथ ही अधिकारियों को भी निर्देशित कर रहे हैं।

बेहतर होता विपक्ष सकारात्मक रुख अपनाता

भट्ट ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए सरकार द्वारा लाए गए सख्त कानून का जनता स्वागत कर रही है। बेहतर होता कि विपक्ष भी इस मुद्दे पर सकारात्मक रुख अपनाता। उन्होंने यह भी कहा कि हाईकोर्ट के जज की निगरानी में हो रही एसआइटी जांच से युवा संतुष्ट हैं।