Uttarakhand News Live Updates: बाबा केदार के दर्शन को केदारनाथ पहुंचे यूपी के मुख्यमंत्री योगी, दर्शन बाद लखनऊ के लिए होंगे रवाना
Uttarakhand Latest News Live Updates: उत्तराखंड की ताजा खबरों और ब्रेकिंग न्यूज से अपडेट रहने के लिए यहां जुड़े रहें। इस लाइव ब्लॉग में उत्तराखंड से जुड़ी राजनीतिक खबर, क्राइम समाचार, मौसम अपडेट समेत उत्तराखंड के सभी जिलों की अपडेट दी जाएगी। पढ़िए उत्तराखंड से जुड़े समाचारों का हर पल अपडेट-

विकासनगर। आर्य समाज मंदिर डोभरी में साप्ताहिक सतसंग व यज्ञ व पूजन संपन्न हुआ। यज्ञ नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा वैदिक रीति से सम्पन्न कराया गया। उन्होंने कहा जो लोग यज्ञ में सम्मिलित होकर आहुतियां डालते हैं, वह निश्चित रूप से भाग्यशाली होते हैं। उन्होंने कहा कि आजकल श्राद्ध पक्ष चल रहा है। श्राद्ध का अर्थ श्रद्धा है। श्रद्धा जीवित माता पिता के प्रति भी होनी चाहिए।
उत्तरकाशी। आज रविवार को न्याय यात्रा/महिला स्वाभिमान सम्मेलन को लेकर उत्तरकाशी पहुंची महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष ज्योति रौतेला कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। अब तो घर-घर शराब खोलने का भी सरकार ने युवाओं को लाइसेंस दे दिया है। कहा कि महिला कांग्रेस प्रदेश जिला, विधानसभा क्षेत्र में महिला स्वाभिमान सम्मेलन में यह संदेश देगी।
मंगलौर। शनिवार की देर रात मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पुलिस शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
देहरादून । कांग्रेस सेवादल के 100 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड राज्य सम्मेलन आयोजित किया गया। सेवादल के राष्ट्रीय मुख्य संगठक लालजी देसाई ने ध्वज रोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कारन माहरा ने बताया कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सेवादल को मजबूत करना होगा। सेवादल को मजबूत बनाने के लिए सभी को एक जुट होना पड़ेगा।
देहरादून। रामकृष्ण लीला समिति की ओर से पुरानी टिहरी की ऐतिहासिक रामलीला का मंचन 15 अक्टूबर से अजबपुर स्थित टिहरी नगर में किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष अभिनव थापर ने बताया कि इन दिनों रामलीला मंचन का रिहर्सल किया जा रहा है। यह रामलीला वर्ष 1952 से पुरानी टिहरी डूबने तक होती थी। दून में रामलीला मंचन ना सिर्फ टिहरी के इतिहास बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए मनोरंजन, इतिहास, स्नातम धर्म की परंपरा के साथ जुड़ने का मौका देगा।
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ श्री केदारनाथ धाम पहुंच गए हैं। उनके साथ मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव ग्रह/ सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद भी केदारनाथ पहुचें हैं। केदारनाथ हेलीपैड पर उनका स्वागत बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय अजयेंद्र, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग अमरदेई शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर पंवार पर पार्टी आदि मौजूद थे।
रुड़की। मंगलौर की आसफनगर झाल में रविवार सुबह एक शव अटका हुआ था। स्थानीय तैराक मोनू ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने मृतक के शव के शिनाख्त के काफी प्रयास किए लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
देहरादून। 49वीं अखिल भारतीय पुलिस साइंस कांग्रेस के दूसरे दिन पहले सेशन में आंतरिक सुरक्षा व इंटरनेट मीडिया की चुनौती और सामुदायिक पुलिसिंग पर विभिन्न राज्यों से आए पुलिस अधिकारी अपने विचार रखेंगे। इसके बाद 48वीं आल इंडिया साइंस कांग्रेस में उठे बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान आमजन प्रदर्शनी को देख सकेंगे। पुलिस साइंस कांग्रेस के पहले दिन चार विषयों पर चर्चा हुई थी।
ऋषिकेश। ऋषिकेश के ग्राम खैरी खुर्द स्थित बीस फुटी कालोनी में हाथी ने एक घर की दीवार तोड़ दी। क्षेत्र के बीट अधिकारी अपने मौके पर आकर हालात का जायजा लिया। बीती मध्य रात्रि बीस फुटी कालोनी निवासी गुलाब सिंह रावत की हाथी ने 15 फीट लंबी दीवार तोड़ दी।
चमोली। रविवार को पूर्वाह्न तक यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री बदरीनाथ धाम में हैं। पितृ पक्ष चल रहा है। कुछ देर में मुख्यमंत्री योगी पितरों को तर्पण के लिए ब्रह्मकपाल जा रहे है। उसके बाद श्री बदरीनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आयेंगे।
नई टिहरी। जिला प्रशासन पहली बार जिले के सभी राजकीय इंटर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दे रहा है। इसी माह से यह शुरुआत हुई है। आपदा की दृष्टि से टिहरी जिला संवेदनशील है ऐसे में प्रशासन की सोच है कि आपदा की किसी भी घटना के दौरान स्कूली छात्र छात्राएं भी आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य में मदद कर सकते हैं।
उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय सहित गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में मौसम साफ है और चटख धूप खिली हुई है। गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु है। जनपद में चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। पितृ पक्ष में तीर्थ यात्री गंगोत्री धाम में तर्पण भी दे रहे हैं।
