उत्तराखंड में अब घर बैठे मिलेगी निर्माण सामग्री, खनन पट्टे भी ऑनलाइन
उत्तराखंड में अब निर्माण कार्यों के लिए रेत, बजरी जैसी खनिज सामग्री 'उत्तराखंड मिनरल मार्ट पोर्टल' से ऑनलाइन खरीदी जा ...और पढ़ें

फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। निर्माण कार्यों के लिए रेत, बजरी और अन्य खनिज सामग्री खरीदने से लेकर खनन पट्टा हासिल करने तक की प्रक्रिया अब आनलाइन होने जा रही है। इसके लिए खनन विभाग ने डिजिटल माध्यम से सेवाओं को आमजन और कारोबारियों के लिए सुलभ बनाने की पहल की है।
उत्तराखंड मिनरल मार्ट पोर्टल के जरिये उपभोक्ता घर बैठे अपनी जरूरत के अनुसार निर्माण सामग्री खरीद सकेंगे। वहीं, ई-सर्विसेज पोर्टल के माध्यम से खनन अनुमति, खनन पट्टा और रिटेल भंडारण समेत विभिन्न सेवाओं के लिए आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे न केवल विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी, बल्कि प्रक्रियाओं में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
प्रदेश में खनन विभाग राजस्व देने वाले प्रमुख विभागों में शामिल है। इस वर्ष खनन विभाग 1200 करोड़ से अधिक का राजस्व लक्ष्य हासिल कर चुका है। अब खनन विभाग ने आमजन को राहत देने के लिए भवन निर्माण में उपयोग किए जाने वाली खनिज सामग्री को आनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराने की पहल शुरू की है।
उत्तराखंड मिनरल मार्ट पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक और निर्माण कार्यों से जुड़े उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुरूप खनिज सामग्री की आनलाइन खरीद कर सकेंगे। इसके लिए विभाग ने पंजीकृत स्टाकिस्ट व स्टोन क्रैशर के नाम व नंबर वेबसाइट में जोड़े हैं।
यहां आमजन इनसे बात कर खनन सामग्री की कीमत तय कर सकते हैं। इसके बाद संबंधित स्टाकिस्ट व स्टोन क्रैशर मालिक संबंधित के घर तक इसको पहुंचाएंगे। इससे आमजन को सामग्री की उपलब्धता और निर्धारित उचित कीमत पर खरीद की सुविधा मिलेगी।
खनन संबंधी सेवाओं के लिए भी डिजिटल व्यवस्था
वहीं, विभाग ने ई-सर्विसेज पोर्टल के माध्यम से खनन क्षेत्र में अनुमति और पट्टा प्राप्त करने की प्रक्रिया भी आनलाइन की जा रही है। कोई भी इच्छुक व्यक्ति घर बैठे खनन अनुमति, खनन पट्टा और रिटेल भंडारण से संबंधित सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेगा।
इससे आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ ही समयबद्ध और पारदर्शी कार्यप्रणाली विकसित करने में मदद मिलेगी। निदेशक खनन राजपाल लेघा का कहना है कि खनन सामग्री से जुड़ी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ये कदम उठाए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।