Uttarakhand Lockdown Day 3: असहायों के लिए पुलिस कर्मी बने फरिश्ते, जरूरतमंदों को पहुंचाया राशन; मरीजों को अस्पताल
असहायों के लिए पुलिस कर्मी किसी फरिश्ते से कम नहीं। पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों को घर-घर राशन पहुंचाकर राहत पहुंचाई
देहरादून, जेएनएन। असहायों के लिए पुलिस कर्मी किसी फरिश्ते से कम नहीं। पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए जरूरतमंदों को घर-घर राशन पहुंचाकर राहत पहुंचाई। डीआइजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि कई जरूरतमंद लोग ऐसे हैं, जिनके सामने रोटी का संकट बना हुआ है। ऐसे में सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि ऐसे लोगों को दैनिक आवश्यकता का सामान राशन, सब्जी, लंच पैकेट मुहैया करवाएं।
प्रेमनगर थाना पुलिस ने लक्ष्मीपुर क्षेत्र में नदी किनारे स्थित झुग्गी झोपड़ी में स्थानीय जनता के सहयोग से करीब 70 परिवारों को राशन और खाद्य सामग्री का वितरण किया। वहीं, स्थानीय गुरुद्वारे के सहयोग से मीठी बेरी और कोटला संतूर क्षेत्र में करीब 300 व्यक्तियों को लंच पैकेट वितरित किए गए। इसी तरह नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस को मयंक भट्ट निवासी ई ब्लॉक सरस्वती विहार ने सूचना दी कि उनकी पत्नी की तबीयत बहुत खराब है। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना है, लेकिन उनके पास कोई साधन नहीं है। इसके बाद पुलिस टीम ने मयंक की पत्नी मंजू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद उनके घर तक छोड़ा।
मजदूरों को बांटी खाद्य सामग्री
थाना पटेलनगर पुलिस ने नयागांव स्थित झिवारेड़ी क्षेत्र में मजदूरों के 50 परिवारों को आटा, चावल, दाल और अन्य सामान दिया। कबाड़ी बाजार नदी के किनारे ब्रह्मपुरी, लोहिया नगर और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में निवासरत 340 व्यक्तियों को खाने के पैकेट वितरित किए। इस दौरान पुलिस ने कोरोना के दृष्टिगत सामाजिक दूरी का पूरा ख्याल रखा गया।
पुलिसकर्मियों को बांटे मास्क और सैनिटाइजर
दिगम्बर जैन समाज ने गुरुवार को प्रिंस चौक पर आम जनता और पुलिस कर्मियों को मास्क और सैनिटाइजर वितरित किए गए। अध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जैन भवन में यात्रियों को रहने और भोजन की सुविधा दी जा रही है। बताया कि प्रिंस चौक से सब्जी मंडी तक पुलिसकर्मियों में मास्क बांटे गए। इस अवसर पर संदीप जैन, अमित जैन आदि मौजूद रहे।
ठाकुरपुर युवा समिति ने मलिन बस्ती में बांटे मास्क
ठाकुरपुर युवा समिति ने गुरुवार को ठाकुरपुर में नदी किनारे बसी मलिन बस्ती में गरीब वर्ग को सैनिटाइजर और मॉस्क का वितरण किया। समिति के मोहित गौतम ने बताया कि भले ही ये लोग यहां के मूल निवासी नहीं है, लेकिन ये यहां मजदूरी करते हैं। यूपी और बिहार जैसे राज्यों से आकर यहां बसे लोगों को कईं बरस हो चुके हैं। लॉकडाउन होने के कारण ये अपने घर नहीं लौट पा रहे हैं और इनके लिए आर्थिक संकट भी पैदा हो गया है। यह कुल 83 परिवार हैं व जिनकी जनसंख्या करीब 450 है।
एंबुलेंस नहीं आई, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
राजपुर थाना पुलिस लॉकडाउन में जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। एसओ अशोक राठौड़ ने बताया कि सहस्त्रधारा रोड स्थित एक व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ने की सूचना मिली थी। बताया गया कि 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। ऐसे में पुलिस ने तुरंत मरीज को मैक्स अस्पताल पहुंचाया, फिलहाल अब उसकी हालत में सुधार है।
कुछ इसी तरह पुलिस ने व्योम परस्त निवासी 85 वर्षीय रमेश सिंह को दवा पहुंचाकर उनकी परेशानी दूर की। फोन कॉल मिलने के बाद पुलिस ने मैक्स अस्पताल से संपर्क किया और रमेश सिंह को राहत मिली। वहीं किशनपुर निवासी अरुण सिंह ने गैस सिलेंडर खत्म होने के चलते भोजन बनाने में आ रही दिक्कत पुलिस से साझा किया। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत उनके घर पर सिलेंडर पहुंचाया।
एसओ ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सहस्त्रधारा के नजदीक नदी किनारे 200 परिवार हैं, जिनके पास राशन नहीं है। नजदीक के आश्रम में बात कर उन परिवारों के भोजन की व्यवस्था की गई। यही नहीं अगले 20 दिन के लिए परिवार को राशन के पैकेट तैयार करवाकर वितरित किए। क्षेत्र में मास्क और सेनिटाइजर भी वितरित किया जा रहा है।
जरूरतमंदों तक सूखा राशन पहुंचाएगा आरएसएस
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड के जरूरतमंद लोगों को सूखा राशन वितरित करेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देहरादून महानगर में गुरुवार को प्रांत प्रचारक की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें कोरोना से निपटने व लोगों को सहायता पहुंचाने पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि महानगर स्तर पर बनाए जा रहे सूखे राशन के पैकेट जरूरतमंद लोगों को पहुंचाए जाएंगे। इसके अलावा जो लोग आर्थिक मदद करना चाहते हैं, वह सेवाभारती देहरादून के अकाउंट में ऑनलाइन पैसा भेज सकते हैं।
इसके अलावा सभी को अपने-अपने नगरों में ऐसे परिवारों की सूची तैयार करने को कहा गया है, जिन्हें वास्तव में मदद की जरूरत है। महानगर स्तर पर पश्चिमी भाग की जिम्मेदारी विभाग प्रचारक भगवती, उत्तरी भाग की विशाल जिंदल, पूर्वी भाग की विवेक शर्मा, मध्य भाग की अनिल नंदा व दक्षिणी भाग की जिम्मेदारी महानगर प्रचारक विजय को सौंपी गई है। इसके अलावा महानगर से नगरों तक सामान पहुंचाने की जिम्मेदारी अरुण शर्मा व संदीप गुप्ता को सौंपी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।