विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड जितना खूबसूरत, उतना ही खतरनाक... पहाड़ की दरकती जमीन पर खतरे के 84 निशान

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:53 AM (IST)

उत्तराखंड में भूस्खलन की दृष्टि से 84 सक्रिय स्थल चिह्नित किए गए हैं, जो वर्षाकाल में सड़कों, बस्तियों और बुनियादी ढांचे के लिए बड़ा खतरा पैदा करते हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, देहरादून। हिमालय की गोद में बसे उत्तराखंड की खूबसूरती जितनी आकर्षक है, यहां की भूगर्भीय चुनौतियां उतनी ही गंभीर हैं। पहाड़ों का दरकना, चट्टानों का खिसकना और मलबे का सड़कों पर आना बड़ी चुनौती बन चुका है।

भूस्खलन की दृष्टि से उत्तराखंड बेहद संवेदनशील है और यहां ऐसे 84 स्थल चिह्नित किए गए हैं, जो सक्रिय भूस्खलन क्षेत्र के रूप में सामने आए हैं। इनमें चमाेली व रुद्रप्रयाग जिलों के सर्वाधिक 17-17 स्थल हैं।

इन स्थानों पर भूस्खलन की आशंका न केवल यातायात, बल्कि आसपास की आबादी और सार्वजनिक संपत्तियों के लिए भी खतरा पैदा करती है। यद्यपि, सरकार की ओर से इन क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति का आकलन, संभावित सक्रियता की जांच के साथ ही वैज्ञानिक ढंग से उपचार को कदम उठाए जा रहे हैं।

कई जगह भूस्खलन का जोखिम

प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां भूस्खलन की समस्या को और जटिल बनाती हैं। युवा हिमालयी पर्वत श्रृंखला होने के कारण यहां की चट्टानें कई स्थानों पर कमजोर और भूगर्भीय हलचलों के प्रति संवेदनशील हैं। साथ ही अनियंत्रित ढलान कटान, सड़क चौड़ीकरण, निर्माण गतिविधियां और प्राकृतिक जल निकासी में बदलाव से भी कई जगह भूस्खलन का जोखिम बढ़ जाता है।

वर्षाकाल के दौरान वर्षा से पहाड़ों के भीतर पानी का दबाव बढ़ता है और कमजोर ढलानें दरकने लगती हैं। इसका असर केवल पहाड़ तक सीमित नहीं रहता, बल्कि गांवों की संपर्क व्यवस्था बाधित होती है। पेयजल, बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पर्यटन व स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी प्रभाव पड़ता है।

चारधाम यात्रा मार्गाें को ही लें तो इनमें 166 भूस्खलन क्षेत्रों की पहचान की गई है। इनके उपचार के साथ ही दोबारा से सर्वेक्षण भी चल रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आंकड़ों को देखें तो 12 जिलों में 84 ऐसे सक्रिय स्थल हैं, जिनमें लगातार ही भूस्खलन होता आया है।आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।

उत्तराखंड भूस्खलन न्यूनीकरण एवं प्रबंधन केंद्र के माध्यम से इन स्थलों के वैज्ञानिक ढंग से उपचार के दृष्टिगत अध्ययन चल रहा है। इसके लिए ढलानों का स्थिरीकरण, प्रभावी जल निकासी, सुरक्षात्मक दीवारें, भू-तकनीकी निगरानी और संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों के नियमन के बारे में संबंधित विभागों व एजेंसियों को सुझाव दिए जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर कार्य भी शुरू हो गया है।

चिह्नित सक्रिय भूस्खलन स्थल

  • जिला, संख्या
  • रुद्रप्रयाग, 17
  • चमोली, 17
  • पौड़ी, 11
  • उत्तरकाशी, 10
  • देहरादून, 08
  • अल्मोड़ा, 07
  • पिथौरागढ़, 04
  • बागेश्वर, 04
  • चंपावत, 02
  • हरिद्वार, 02
  • नैनीताल, 01
  • टिहरी, 01

यह भी पढ़ें- भूस्खलन से बचाव की बड़ी तैयारी, हिमाचल और उत्तराखंड समेत 17 राज्यों में सेंसर लगाएगा GSI, आपदा से पहले बजेगा अलार्म

यह भी पढ़ें- भूस्खलन की तबाही से बचेगी दुनिया, खतरे से पहले मिलेगा अलर्ट; फरीदाबाद में जुटे 75 देशों के वैज्ञानिक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।