भूस्खलन से बचाव की बड़ी तैयारी, हिमाचल और उत्तराखंड समेत 17 राज्यों में सेंसर लगाएगा GSI, आपदा से पहले बजेगा अलार्म
भारत के 12.6% भूभाग पर भूस्खलन का खतरा है, जिसे रोकने के लिए अब आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। जियोलाजिकल सर्वे ऑफ इंडिया संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में सेंसर आधारित निगरानी प्रणाली तैयार कर रहा है।
-1795441960225_m.webp)
भूस्खलन से पहले बजेगा अलार्म। फोटो-प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
भारत के 12.6% भूभाग पर भूस्खलन का गंभीर खतरा।
सेंसर और एआइ तकनीक से मिलेगी भूस्खलन की पूर्व चेतावनी।
यह प्रणाली जान-माल के नुकसान को कम करने में सहायक।
दीपक पांडेय/ निभा रजक, फरीदाबाद। पहाड़ों में होने वाले भूस्खलन से जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए अब आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जाएगा। देश के 12.6 प्रतिशत भूभाग यानी करीब चार लाख 33 हजार वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा चिह्नित किया गया है।
इन संवेदनशील क्षेत्रों में जियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया (जीएसआइ) की ओर से सेंसर आधारित निगरानी व्यवस्था विकसित की जा रही है।
पहाड़ों की हलचल पर नजर रखेगा सेंसर
सेंसर पहाड़ों की हलचल पर नजर रखेंगे, जबकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर भूस्खलन की आशंका का आकलन करेगा। इससे संभावित खतरे की पहले ही सूचना मिल सकेगी और समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद मिलेगी।
हिमाचल, उत्तराखंड सहित 17 राज्यों में सवंदेनशील क्षेत्र
अमृता अस्पताल में चल रहे विश्व भूस्खलन मंच के दौरान जियोलाजिकल सर्वे आफ इंडिया के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. हरीश बहुगुणा ने दैनिक जागरण को बताया कि विभाग ने पिछले चार दशक के आंकड़ों के आधार पर भूस्खलन की संवेदनशीलता से संबंधित डाटा तैयार किया है।
इसमें हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड सहित 17 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के संवेदनशील क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
इन इलाकों में सेंसर लगाने का काम किया जा रहा है, ताकि पहाड़ों में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में निगरानी बेशक से मजबूत हो। लेकिन भूस्खलन की घटनाएं बढ़ेगी। क्योंकि उत्तर भारत में जो जिले अभी वर्षा से वंचित है। वहां पर भी वर्षा पहुंचेगी।
पहाड़ों की हलचल से पहले ही समझ आएगा खतरा
भूस्खलन की घटनाओं से पहले पहाड़ों की संरचना और जमीन में कई तरह के बदलाव होते हैं। सेंसर के माध्यम से इन गतिविधियों से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसके बाद एआइ तकनीक इन आंकड़ों का विश्लेषण कर संभावित खतरे का आकलन करने में मदद करेगी।
इसका उद्देश्य ऐसा अर्ली वार्निंग अलार्म सिस्टम विकसित करना है, जिससे भूस्खलन होने से पहले ही संबंधित प्रशासन और आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट किया जा सके। इससे केदारनाथ जैसी बड़ी त्रासदियों में जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।
तीन साल पहले ही दी गई थी केदारनाथ आपदा की चेतावनी
जीएसआइ के पूर्व डायरेक्टर सुदेश कुमार ने बताया कि केदारनाथ में आई विनाशकारी आपदा से करीब तीन साल पहले ही विभाग की ओर से सरकार को संभावित खतरे को लेकर चेतावनी जारी कर दी गई थी।
पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के खतरों को समय रहते समझना और वैज्ञानिक आकलन के आधार पर प्रशासन को जानकारी देना बेहद जरूरी है। केवल चेतावनी जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस पर समय रहते कार्रवाई करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।