उत्तराखंड के पहाड़ों को मिली नई रफ्तार: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से सफर 2.5 घंटे में, पहुंचे छह करोड़ पर्यटक
यह लेख उत्तराखंड में चल रही विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और पर्यटन विकास पर प्रकाश डालता है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम सड़क, रेल परियोजनाएं और हेलीपोर्ट्स राज्य में कनेक्टिविटी और तीर्थाटन को बढ़ावा दे रहे हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को धार देते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश कर विकास को चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखने के संकेत दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन के आधार पर भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपने कामकाज और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
सरकार बदलने का मिथक तोड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड गठन के बाद सरकार बदलने का मिथक तोड़ते हुए जनता ने भाजपा को लगातार दूसरी बार सेवा का अवसर दिया। विधानसभा उपचुनाव, पंचायत, लोकसभा और नगर निगम चुनावों में भी पार्टी को जनता का समर्थन मिला है। कहा कि नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है।
युवाओं को निशुल्क कोचिंग देने की पहल की गई है। जर्मनी और जापान में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। प्रदेश में करीब दो हजार स्टार्टअप संचालित हैं। नए उद्यमियों के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया गया है।
महिला सशक्तीकरण को सरकार के विकास एजेंडे का अहम हिस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
5.19 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत और सहकारी संस्थाओं में 35 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। नंदा गौरा और बैणी-भुली योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और बेटियों को आर्थिक संबल दिया जा रहा है।
गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 10 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। कोरोना संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यटन, चिकित्सा, स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए आर्थिक सहायता पैकेज दिए गए।
महामारी में माता-पिता दोनों को खोने वाले बच्चों के लिए बाल संबल योजना शुरू की गई। कहा, सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार, मातृशक्ति को सम्मान और आत्मनिर्भरता, बच्चों को बेहतर शिक्षा तथा प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
ये हैं बड़ी उपलब्धियां
- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से सफर 2.5 घंटे में, चारधाम सड़क परियोजना 85% पूरी।
- केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और मसूरी रोपवे का काम शुरू।
- 18 हेलीपोर्ट विकसित, 12 पर सेवाएं शुरू, देहरादून-पिथौरागढ़ सफर 10 घंटे से घटकर एक घंटा।
- ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना 85% पूरी, दो वंदे भारत सहित 18 नई ट्रेनें।
- जमरानी, लखवाड़, किशाऊ और सौंग बांध का काम जारी।
- 2025 में छह करोड़ पर्यटक पहुंचे, 5,000 से अधिक होमस्टे विकसित।
- चारधाम में 65 लाख, कांवड़ मेले में 4.8 करोड़ और हेमकुंड साहिब में 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे।
- केदारनाथ में 400 करोड़ से अधिक निवेश, बदरीनाथ के लिए 440 करोड़; मानसखंड में 48 मंदिरों का विकास।
- शारदा, यमुना, गंगा, विवेकानंद और गोल्ज्यू कॉरिडोर का विकास, कुंभ-2027 की तैयारियां।
- शीतकालीन यात्रा शुरू, आदि कैलाश में 80 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे; 95 आध्यात्मिक गांवों के विकास की पहल।
- कैंची धाम के लिए 10 किमी बाईपास निर्माणाधीन।
- 100 ट्रेकिंग मार्गों की डिजिटल मैपिंग, औली में स्कीइंग चैंपियनशिप और टिहरी झील में 130 करोड़ का निवेश।
यह भी पढ़ें- कैसा रहा सीएम धामी का रिपोर्ट कार्ड? सख्त भू-कानून से यूसीसी तक, भाजपा सरकार ने कानूनों से बदली व्यवस्था
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।