विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैसा रहा सीएम धामी का रिपोर्ट कार्ड? सख्त भू-कानून से यूसीसी तक, भाजपा सरकार ने कानूनों से बदली व्यवस्था

By Ashwani TripathiEdited By: Nirmala Bohra
Published: Thu, 26 Nov 2026 03:03 PM (IST)

धामी सरकार ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकलरोधी कानून जैसे कई महत्वपूर्ण विधेयक लागू किए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। फाइल फोटो

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में जमीनों की खरीद-फरोख्त पर नियंत्रण से लेकर सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव तक, धामी सरकार ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण कानून लागू किए हैं।

सरकार ने इन्हें राज्य की पहचान, सांस्कृतिक विरासत, पारदर्शिता और सुशासन से जुड़े बड़े फैसले बताया है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त भू-कानून, नकलरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून सरकार के प्रमुख विधायी फैसलों में शामिल हैं।

पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि और बागवानी की जमीनों की अनियंत्रित खरीद-फरोख्त रोकने के लिए उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश एवं भूमि व्यवस्था अधिनियम, 1950) संशोधन अधिनियम, 2025 लागू किया गया।

इसके तहत 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों के कृषि एवं उद्यान भूमि खरीदने पर प्रतिबंध लगाया गया है। सरकार का दावा है कि इस कानून से जमीनों की औने-पौने दामों पर खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगेगा। इसके अलावा 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की बात कही गई।

यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य

सामाजिक व्यवस्था में बदलाव के लिए उत्तराखंड ने 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता लागू कर देश में पहली बार किसी राज्य के स्तर पर यह पहल की। इसके तहत विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप के पंजीकरण के लिए समान कानूनी व्यवस्था बनाई गई।

भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक पर अंकुश लगाने के लिए उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं निवारण के उपाय) अधिनियम, 2023 लागू किया गया। इसमें दोषियों के लिए 10 वर्ष तक की सजा और 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

धर्मांतरण के मामलों में सख्ती के लिए उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता संशोधन अधिनियम, 2022 लाया गया। इसके तहत जबरन धर्मांतरण के दोषियों के लिए कठोर सजा का प्रावधान किया गया। सरकारी सेवाओं में उत्तराखंड की महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के लिए उत्तराखंड लोक सेवा (महिलाओं के लिए क्षैतिज आरक्षण) अधिनियम, 2023 बनाया गया।

दंगों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से उसकी वसूली के लिए रिकवरी ऑफ डैमेजेज टू पब्लिक एंड प्राइवेट प्रॉपर्टी एक्ट, 2024 लागू किया गया। वहीं, राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के लिए भी अलग कानून बनाया गया।

मदरसा बोर्ड खत्म, अल्पसंख्यक शिक्षा परिषद गठित

अल्पसंख्यक शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम, 2025 बनाया गया। इसके तहत मदरसा शिक्षा बोर्ड की जगह उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा परिषद की व्यवस्था की गई। पुराने मदरसा शिक्षा बोर्ड अधिनियम को एक जुलाई 2026 से समाप्त किया गया। सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना है। नियमों का उल्लंघन करने वाले 250 से अधिक मदरसों पर सीलिंग की कार्रवाई भी की गई।

इसके अलावा लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान के लिए लोकतंत्र सेनानी सम्मान अधिनियम, 2025, खेल प्रतिभाओं को सरकारी सेवाओं में क्षैतिज आरक्षण देने के लिए खेल आरक्षण अधिनियम और राज्य में खेल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राज्य खेल विश्वविद्यालय अधिनियम, 2025 भी बनाए गए।

वर्ष 2026 में जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) अधिनियम लागू किया गया। इसका उद्देश्य विभिन्न विभागों के कानूनों में छोटे उल्लंघनों को अपराध की श्रेणी से हटाकर दंडात्मक जुर्माने की व्यवस्था करना और कारोबार तथा आमजन के लिए प्रक्रिया आसान बनाना है। इसी वर्ष सार्वजनिक जुआ रोकथाम अधिनियम, 2026 भी बनाया गया।

ऑपरेशन कालनेमि से अतिक्रमण पर कार्रवाई तक

सरकार ने धार्मिक आस्था की आड़ में धोखाधड़ी करने वालों और छद्म वेशधारियों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि चलाने की जानकारी दी। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ ही प्रशासनिक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम शुरू किया गया।

इसके पहले चरण में 681 शिविर लगाए गए, जिनमें 33 हजार से अधिक शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। दिसंबर में इस कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू कर शेष क्षेत्रों में भी शिविर लगाए जाएंगे।

प्रदेश में 900 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिकायतों के लिए 1905 सीएम हेल्पलाइन और भ्रष्टाचार के मामलों के लिए 1064 हेल्पलाइन संचालित है। 250 से अधिक सरकारी कार्यालयों को ई-ऑफिस से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से 90 हजार से अधिक फाइलों पर ऑनलाइन काम हुआ है।

दिल्ली-देहरादून का सफर हुआ आसान

बुनियादी ढांचे के विकास में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को बड़ी उपलब्धि बताया गया। इसके शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर करीब तीन घंटे रह गया है।

इसके अलावा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है। सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से प्रदेश में पर्यटन, धार्मिक यात्रा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

यह भी पढ़ें- सीएम धामी का ड्रीम प्रोजेक्ट, नालेश्वर महादेव मंदिर कॉरिडोर बनेगा धार्मिक पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन का केंद्र

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड चुनाव: पुराने बरगदों की छांव में नई पीढ़ी, टिकट की दौड़ में सीएम धामी सहित कई युवा चेहरे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।