हेल्थ सप्लीमेंट लेते हैं तो ध्यान दें! उत्तराखंड में जांच तेज, बाजार से हटेंगे पांच कंपनियों के प्रोडक्ट
FSSAI द्वारा पांच कंपनियों के लाइसेंस निलंबित करने और उत्पादों पर रोक लगाने के बाद, उत्तराखंड में भी हेल्थ सप्लीमेंट की गुणवत्ता की जांच शुरू हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। स्वास्थ्य व फिटनेस के नाम पर बिक रहे हेल्थ सप्लीमेंट की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद अब उत्तराखंड में भी केंद्रीय आदेश का अनुपालन शुरू हो गया है।
एफएसएसएआइ ने नियमों के उल्लंघन के चलते पांच कंपनियों के लाइसेंस निलंबित कर उनके उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई है।
बिक्री रोकने के आदेश जारी
दिल्ली से हुई कार्रवाई के क्रम में उत्तराखंड के खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने प्रदेश में संबंधित उत्पादों की उपलब्धता जांचने और बिक्री रोकने के आदेश जारी कर दिए हैं। अब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें प्रतिष्ठानों में पहुंचकर आदेश का पालन सुनिश्चित कराएंगी।
जांच के दौरान मेडिकल स्टोर, हेल्थ सप्लीमेंट विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों में संबंधित कंपनियों के उत्पादों का स्टाक खंगाला जाएगा। उत्पादों के नाम, बैच नंबर, निर्माण और समाप्ति तिथि के साथ खरीद-बिक्री के अभिलेखों का मिलान किया जाएगा।
बाजार में उपलब्ध उत्पादों को बिक्री से हटाने की कार्रवाई के साथ यह भी पता लगाया जाएगा कि उनकी आपूर्ति किन वितरकों के माध्यम से हुई।
आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि प्रदेश में जांच का अहम पहलू यह होगा कि प्रतिबंधित कंपनियों के उत्पाद कितने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध हैं और उनका कितना स्टाक बाजार में मौजूद है। विभाग वितरकों और विक्रेताओं के अभिलेखों से आपूर्ति नेटवर्क की जानकारी जुटाएगा। आदेश के बावजूद उत्पाद बेचने या स्टाक छिपाने की स्थिति में संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उत्पादन इकाइयों में मिली थीं गंभीर खामियां
एफएसएसएआइ ने वेदांत रेमेडीज, लूसिड हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, एम्बिको आयुर्वेदिक हेल्थकेयर, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स और एडोरियल हेल्थकेयर के लाइसेंस निलंबित किए हैं। जांच में उत्पादन इकाइयों में साफ-सफाई की कमी, जर्जर बुनियादी ढांचा, एक्सपायरी सामग्री व लाइसेंस संबंधी गंभीर उल्लंघन सामने आए थे।
इन कंपनियों के उत्पादों का इस्तेमाल पोषण व फिटनेस सुधारने के लिए किया जाता है। प्रोटीन पाउडर, विटामिन, मिनरल व अन्य न्यूट्रास्यूटिकल उत्पादों के बाजार में बढ़ते चलन के बीच गुणवत्ता की खामी सीधे उपभोक्ताओं की सेहत को प्रभावित कर सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।