विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हेल्थ सप्लीमेंट बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पंजाब में ठगी करने वाले 2 गिरफ्तार; नकली वेबसाइट से रहें सावधान

By Saurabh PandeyEdited By: Kapil Kumar
Published: Sat, 31 Oct 2026 09:32 AM (IST)

दिल्ली साइबर पुलिस ने जिम सप्लीमेंट के नाम पर फर्जी वेबसाइट से ठगी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने गिरोह के दो सदस्य दबोचे। जागरण

दिल्ली पुलिस ने गिरोह के दो सदस्य दबोचे। जागरण

HighLights

  1. पूर्वी दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के दो आरोपी पकड़े।

  2. फर्जी वेबसाइट से जिम सप्लीमेंट बेचने का झांसा देते थे।

  3. उपभोक्ताओं को ऑनलाइन खरीदारी में सावधानी बरतने की सलाह।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। अगर आप जिम जाते हैं और मसल्स बनाने के लिए प्रोटीन पाउडर, हेल्थ सप्लीमेंट या अन्य दवाइयां ऑनलाइन खरीदते हैं तो सावधान हो जाएं। सस्ते दाम और अच्छे उत्पाद का लालच देकर साइबर ठग आपकी मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर सकते हैं।

पूर्वी जिला साइबर थाना पुलिस ने हेल्थ सप्लीमेंट और दवाइयां बेचने के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर पंजाब के लोगों से ठगी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हितेन कुमार और आयुष आर्य के रूप में हुई है।

डीसीपी राजीव कुमार के मुताबिक, आरोपी www.openlifevedixa.com नाम की वेबसाइट के जरिए लोगों को हेल्थ सप्लीमेंट और दवाइयां बेचने का झांसा देते थे।

बैंक खातों का इस्तेमाल किया

वहीं, जांच में सामने आया कि इस फर्जी वेबसाइट के माध्यम से लोगों से रकम मंगवाई जा रही थी। ठगी की रकम हासिल करने और उसे आगे पहुंचाने के लिए दो बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। इन खातों में कुल दो लाख 66 हजार 437 रुपये के संदिग्ध लेनदेन का पता चला है।

10 प्रतिशत कमीशन पर निकालते थे रकम

जांच में आरोपियों की भूमिका ठगी की रकम निकालकर आगे पहुंचाने वालों के रूप में सामने आई है। इसके बदले उन्हें रकम का 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक आईफोन 15 प्रो बरामद किया है। मोबाइल की जांच में फर्जी वेबसाइट का लिंक और दोनों के बीच हुई वॉट्सएप चैट मिली है।

पुलिस अब वेबसाइट का संचालन करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस वेबसाइट के जरिये कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

ऑनलाइन खरीदारी में रखें सावधानी

किसी भी वेबसाइट से सप्लीमेंट या दवाइयां खरीदने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचें। बहुत कम कीमत के लालच में अनजान वेबसाइट पर भुगतान न करें। दिल्ली पुलिस भी संदिग्ध वेबसाइट और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह देती है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, सुल्तानपुरी से पकड़ा गया हिमांशु भाऊ गिरोह का शूटर; दो पिस्तौल बरामद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।